Edited By Niyati Bhandari,Updated: 20 Aug, 2026 10:32 AM

सोने की कीमतों में हाल की नरमी और अपेक्षाकृत स्थिर भाव का असर अब बाजार में दिखाई देने लगा है। ग्राहकों की खरीदारी में सुधार के संकेत मिल रहे हैं और आगामी त्यौहारी मौसम में सोने की मांग मजबूत रहने की उम्मीद बढ़ी है। विश्व स्वर्ण परिषद...
मुंबई (एजैंसी): सोने की कीमतों में हाल की नरमी और अपेक्षाकृत स्थिर भाव का असर अब बाजार में दिखाई देने लगा है। ग्राहकों की खरीदारी में सुधार के संकेत मिल रहे हैं और आगामी त्यौहारी मौसम में सोने की मांग मजबूत रहने की उम्मीद बढ़ी है। विश्व स्वर्ण परिषद (डब्ल्यू.जी.सी.) ने अपनी ‘इंडिया गोल्ड मार्कीट अपडेट’ रिपोर्ट में यह संभावना जताई है।
रिपोर्ट के अनुसार देश में आभूषणों की मांग में सुधार हुआ है। शादी-विवाह से पहले भी ग्राहक सोने की खरीदारी कर रहे हैं। कीमतों में उतार-चढ़ाव के बाद अब उपभोक्ता स्थिर भाव को खरीदारी के अवसर के तौर पर देख रहे हैं। इससे खुदरा दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी है और आभूषण कारोबार में गतिविधियां तेज हुई हैं।
त्यौहारी सीजन से पहले बढ़ाया स्टॉक
डब्ल्यू.जी.सी. के अनुसार पहले टाली गई सोने की खरीदारी अब धीरे-धीरे बाजार में लौट रही है। मांग में सुधार को देखते हुए खुदरा विक्रेताओं और आभूषण निर्माताओं ने त्यौहारी मौसम से पहले अपना स्टॉक बढ़ाना शुरू कर दिया है। आभूषण बनाने वाले कारोबारियों को भी नए ऑर्डर मिलने लगे हैं।
पुराने सोने की अदला-बदली बनी अहम
रिपोर्ट में कहा गया है कि पुराने सोने के आभूषणों की अदला-बदली अब भी बाजार में खरीदारी का महत्वपूर्ण माध्यम बनी हुई है। ग्राहक पुराने आभूषण देकर नए आभूषण खरीद रहे हैं, जिससे पुनर्चक्रित सोना भी बाजार में आपूर्ति बढ़ाने में योगदान दे रहा है।
त्यौहारी मांग से बाजार को उम्मीद
डब्ल्यू.जी.सी. के मुताबिक जुलाई में आयात में हुई बढ़ौतरी त्यौहारी मौसम से पहले खुदरा विक्रेताओं और विनिर्माताओं की ओर से स्टॉक बढ़ाने तथा भौतिक मांग में सुधार का संकेत है। हालांकि, कुल माल आयात में सोने की हिस्सेदारी करीब 5 प्रतिशत रही, जो जनवरी-मार्च के दौरान औसतन 11 प्रतिशत थी।
ऊंची कीमतें बनी रहेंगी चुनौती
डब्ल्यू.जी.सी. ने साथ ही सावधानी बरतते हुए कहा कि सोने की ऊंची कीमतें आगे भी आभूषणों की खरीदारी को प्रभावित कर सकती हैं। इसके बावजूद कीमतों में स्थिरता और त्यौहारी मांग को देखते हुए आने वाले महीनों में सोने के आभूषणों की बिक्री में मजबूती की उम्मीद बनी हुई है।