Edited By Anu Malhotra,Updated: 23 Oct, 2026 08:28 AM

देर रात डिनर करने की आदत भारतीय परिवारों में तेजी से बढ़ी है। अकसर लोग रात 10 या 11 बजे खाना खाते ही सीधे सोने चले जाते हैं। हालांकि, यह लेट-नाइट रूटीन आपकी सेहत के साथ-साथ आपके मेटाबॉलिज्म पर भी भारी पड़ सकता है। कैंसर विशेषज्ञ के अनुसार, आप रात का...
नई दिल्ली: देर रात डिनर करने की आदत भारतीय परिवारों में तेजी से बढ़ी है। अकसर लोग रात 10 या 11 बजे खाना खाते ही सीधे सोने चले जाते हैं। हालांकि, यह लेट-नाइट रूटीन आपकी सेहत के साथ-साथ आपके मेटाबॉलिज्म पर भी भारी पड़ सकता है। कैंसर विशेषज्ञ के अनुसार, आप रात का खाना किस समय खाते हैं, इसका सीधा असर आपके दीर्घकालिक स्वास्थ्य और कैंसर के खतरे पर पड़ सकता है।
देर रात खाना क्यों है नुकसानदेह?
हमारे शरीर की जैविक घड़ी (सर्केडियन रिदम) और मेटाबॉलिज्म एक निश्चित चक्र पर काम करते हैं जैसे कि... सुबह के समय शरीर की इंसुलिन सेंसिटिविटी सबसे बेहतर होती है, जो शाम होते-होते कम होने लगती है। जब इंसुलिन सेंसिटिविटी कम होती है, तो शरीर के लिए ब्लड शुगर को संतुलित रखना मुश्किल हो जाता है।
खाते ही सो जाना बड़ा खतरा
खाते ही सो जाने से शरीर को भोजन पचाने और रात में कोशिकाओं की मरम्मत (सेलुलर रिपेयर) का काम एक साथ करना पड़ता है। इससे पाचन प्रक्रिया प्रभावित होती है, जिससे एसिडिटी, ब्लोटिंग और सीने में जलन जैसी समस्याएं होने लगती हैं।
इंसुलिन स्पाइक और कैंसर का संबंध
भोजन के बाद इंसुलिन का बढ़ना एक स्वाभाविक प्रक्रिया है। लेकिन जब देर रात खाने की वजह से सालों-साल इंसुलिन का स्तर लगातार बढ़ा रहता है, तो शरीर को लगातार 'ग्रोथ सिग्नल' मिलता रहता है। लंबे समय तक बना रहने वाला यह मेटाबॉलिक असंतुलन कैंसर जैसी गंभीर स्थितियों के जोखिम को बढ़ा सकता है।
क्या कहती है रिसर्च?
इंटरनेशनल जर्नल ऑफ कैंसर में प्रकाशित 2018 की एक स्पैनिश स्टडी के अनुसार: जो लोग रात का खाना शाम 8:30 बजे से पहले खा लेते हैं या खाने और सोने के बीच कम से कम 2 घंटे का अंतर रखते हैं, उनमें ब्रेस्ट कैंसर और प्रोस्टेट कैंसर का खतरा 20% तक कम देखा गया।
बचाव के लिए आसान और असरदार टिप्स
डिनर का समय बदलें: रात का खाना हर हाल में 8:00 से 8:30 बजे तक पूरा कर लें।
सोने में गैप रखें: डिनर और सोने के बीच कम से कम 2 घंटे का अंतर जरूर बनाए रखें।
हल्की वॉक करें: खाना खाने के बाद तुरंत लेटने के बजाय 10-15 मिनट की हल्की वॉक करें।