Edited By Sarita Thapa,Updated: 24 Oct, 2026 12:26 PM

जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर सुरक्षा जांच के दौरान भागने की कोशिश करने वाले एक एनआरआई युवक को पकडऩे के मामले में अब डीजी सीआईएसएफ ने अभिषेक वर्मा को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया है।
नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स): जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर सुरक्षा जांच के दौरान भागने की कोशिश करने वाले एक एनआरआई युवक को पकडऩे के मामले में अब डीजी सीआईएसएफ ने अभिषेक वर्मा को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया है। अभिषेक असम के पश्चिम कार्बी आंगलोंग जिले के रहने वाले हैं और दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) इकाई में तैनात हैं। अभिषेक वर्मा 29 मई 2018 को सीधी भर्ती से सीआईएसएफ में शामिल हुए और बल में आठ वर्ष से अधिक की सेवा दे चुके हैं।
17 अक्तूबर को एक यात्री स्टेशन की सुरक्षा जांच पर पहुंचा। एक्स-रे बैगेज स्कैनर में उसके बैग के अंदर रखा एक बेहद घना सामान स्क्रीन पर काले रंग का दिखाई दिया। सीआईएसएफ कर्मियों ने उससे बैग खोलकर दिखाने को कहा। इस पर वह बैग उठाकर फ्रिस्किंग बूथ से भागा और एस्केलेटर से निकास गेट की ओर दौड़ पड़ा। प्रवेश द्वार पर फ्रिस्किंग ड्यूटी पर तैनात अभिषेक वर्मा ने अपने साथियों के साथ उसका पीछा किया और स्टेशन से बाहर निकलने से पहले ही गेट पर उसे रोक लिया।
इसके बाद यात्री को स्टेशन कंट्रोल रूम लाया गया। यात्री ने खुद को कुआलालंपुर में रहने वाला अप्रवासी भारतीय (एनआरआई) बताया, जो एक दिन पहले ही भारत आया था। उसके बैग में एक अंडरगारमेंट के अंदर सिलाई करके छिपाया गया अर्ध-ठोस पदार्थ मिला। मौके पर इसकी पहचान न हो पाने के कारण दिल्ली मेट्रो रेल पुलिस (डीएमआरपी) को बुलाया गया। आगे की जाँच के लिए यात्री को सामान सहित पुलिस को सौंप दिया गया।
उनकी कार्रवाई की सराहना करते हुए सीआईएसएफ के महानिदेशक प्रवीर रंजन, आईपीएस ने कहा कि अभिषेक वर्मा ने संदिग्ध बैग लेकर भाग रहे व्यक्ति को रोकने में असाधारण सतर्कता, चौकसी और त्वरित कार्रवाई का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई उच्च पेशेवर दक्षता और सेवा के प्रति समर्पण को दर्शाती है। मोर्चे पर तैनात जवानों की ऐसी सूझबूझ ही मेट्रो से रोज़ सफर करने वाले लाखों यात्रियों को सुरक्षित रखती है। ड्यूटी के दौरान अभिषेक वर्मा की सूझबूझ, साहस और उनकी टीम की चौकसी ने सुरक्षा जांच के कुछ अहम पलों को समय पर सही नतीजे में बदल दिया। उनकी यह कार्रवाई उस निरंतर सतर्कता और तत्परता की याद दिलाती है, जिसके साथ सीआईएसएफ कर्मी दिल्ली मेट्रो के हर प्रवेश द्वार पर तैनात रहते हैं।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ