Edited By Prachi Sharma,Updated: 24 Feb, 2026 07:47 AM

वाराणसी (उ.प्र.) (प.स.): ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने सोमवार को कहा कि यौन शोषण के मुकद्दमे में यदि पुलिस उन्हें गिरफ्तार करती है तो वह उसका विरोध नहीं करेंगे। उन्होंने वाराणसी में संवाददाताओं से कहा कि ‘जनता, स्वयं...
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
वाराणसी (उ.प्र.) (प.स.): ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने सोमवार को कहा कि यौन शोषण के मुकद्दमे में यदि पुलिस उन्हें गिरफ्तार करती है तो वह उसका विरोध नहीं करेंगे। उन्होंने वाराणसी में संवाददाताओं से कहा कि ‘जनता, स्वयं का हृदय और ईश्वर’ इन 3 अदालतों से उन्हें पहले ही क्लीन चिट मिल चुकी है, इसलिए उन्हें कोई भय नहीं है।
गौरतलब है कि अदालत के आदेश पर शनिवार देर रात प्रयागराज के झूंसी थाने में शंकराचार्य, उनके एक शिष्य तथा 2-3 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ 2 किशोरवय लड़कों के कथित यौन शोषण के आरोप में मुकद्दमा दर्ज किया गया था। शंकराचार्य ने कहा कि पहली अदालत ‘जनता’ है, जो सब देख रही है। दूसरा न्यायालय ‘मेरा हृदय’ है, जो जानता है कि हम गलत नहीं हैं। तीसरा और सर्वोच्च न्यायालय ‘ईश्वर’ है। तीनों ही अदालतों से मुझे क्लीन चिट मिल चुकी है। उन्होंने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि माघ मेले के दौरान वह लगातार सी.सी.टी.वी. और मीडिया कैमरों की निगरानी में थे। उन्होंने कहा कि संबंधित फुटेज की जांच करवाई जाए।
जिन लड़कों के नाम सामने आए हैं, वे उनके गुरुकुल में कभी पढ़े ही नहीं
शंकराचार्य ने यह भी दावा किया कि जिन लड़कों के नाम सामने आए हैं, वे उनके गुरुकुल में कभी पढ़े ही नहीं। उनके अनुसार, परीक्षा अंकपत्र से स्पष्ट है कि वे हरदोई के एक विद्यालय के छात्र हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनके विरुद्ध किसी प्रकार की ऑडियो या वीडियो सी.डी. होने का दावा किया जा रहा है तो उसे सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि यह मामला कथावाचक स्वामी रामभद्राचार्य के शिष्य आशुतोष महाराज की याचिका पर अदालत के आदेश के बाद दर्ज किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।