राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला : सितम्बर के अंत तक दाखिल होगा आरोपपत्र

Edited By Updated: 09 Aug, 2026 08:57 AM

ram mandir theft case

राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में पुलिस सितम्बर के अंत तक अदालत में आरोपपत्र दाखिल कर सकती है। अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एस.एस.पी.) गौरव ग्रोवर ने शनिवार को बताया कि मामले की जांच 90 दिन के भीतर पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है और...

अयोध्या (एजैंसी): राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में पुलिस सितम्बर के अंत तक अदालत में आरोपपत्र दाखिल कर सकती है। अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एस.एस.पी.) गौरव ग्रोवर ने शनिवार को बताया कि मामले की जांच 90 दिन के भीतर पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है और जांच के बाद आरोपपत्र अदालत में पेश किया जाएगा। ग्रोवर ने बताया कि मौजूदा विशेष जांच दल (एस.आई.टी.) अलग से जांच नहीं कर रहा है, बल्कि पुलिस की जांच में समन्वय स्थापित करने और उच्च मानकों के अनुरूप जांच के लिए आवश्यक सलाह दे रहा है। आई.जी. किरण एस. के नेतृत्व में गठित एस.आई.टी. ने चढ़ावे की चोरी से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच पूरी कर ली है।

 एस.एस.पी. ने कहा कि स्थानीय स्तर पर चल रही जांच की वह लगातार निगरानी कर रहे हैं। पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। राम मंदिर चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में 25 जून को राम जन्मभूमि थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने इस मामले में अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। जांच अधिकारी एवं अयोध्या के सी.ओ. आशुतोष तिवारी ने बताया कि मामले में पूछताछ से सामने आए तथ्यों के आधार पर दस्तावेजों को अद्यतन किया जा रहा है और जांच जारी है।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि चढ़ावे की चोरी की जांच के लिए आई.जी. किरण एस. के नेतृत्व में 4 सदस्यीय एस.आई.टी. गठित की गई है। सुप्रीम कोर्ट ने एस.आई.टी. में एक ऑडिटर को भी शामिल करने का निर्देश दिया था। इस मामले में अभी तक किसी बड़े जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं हुई है।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!