Edited By Sarita Thapa,Updated: 11 Sep, 2026 12:06 PM

विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में श्रावण-भादौ माह के दौरान आस्था का महासंगम देखने को मिला। 30 जुलाई से 7 सितंबर 2026 तक चले श्रावण-भादौ माह में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उज्जैन पहुंचे।
Mahakal Temple Ujjain News : विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में श्रावण-भादौ माह के दौरान आस्था का महासंगम देखने को मिला। 30 जुलाई से 7 सितंबर 2026 तक चले श्रावण-भादौ माह में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उज्जैन पहुंचे। मंदिर प्रबंध समिति के अनुसार इस अवधि में 1 करोड़ 34 लाख 58 हजार 747 श्रद्धालुओं ने भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन किए।
वहीं, भगवान महाकाल की सवारियों और श्री नागचंद्रेश्वर भगवान के दर्शन के लिए भी करीब 53 लाख 95 हजार श्रद्धालु उज्जैन पहुंचे। इस तरह श्रावण-भादौ माह के दौरान कुल 1 करोड़ 88 लाख 53 हजार 747 से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान महाकाल के दर्शन का लाभ लिया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर में संचालित शीघ्र दर्शन व्यवस्था से मंदिर समिति को 17 करोड़ 98 लाख 61 हजार 750 रुपये की आय प्राप्त हुई। वहीं, महाकाल लड्डू प्रसादी की भी जमकर मांग रही। इस दौरान 2760.139 क्विंटल लड्डू प्रसादी की बिक्री हुई, जिससे 13 करोड़ 6 लाख 20 हजार 500 रुपये की राशि प्राप्त हुई।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने दर्शन व्यवस्था के साथ सवारी, प्रसादी, पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं को व्यापक स्तर पर संचालित किया। श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन कराने के लिए व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग की गई और जरूरत के अनुसार बदलाव भी किए गए। श्रावण-भादौ माह के समापन के साथ एक बार फिर उज्जैन नगरी भगवान महाकाल की भक्ति में सराबोर नजर आई। करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और सहभागिता ने इस धार्मिक आयोजन को विशेष बना दिया।
-विशाल ठाकुर, उज्जैन