Edited By Niyati Bhandari,Updated: 16 Oct, 2026 11:52 AM

अमरीका के इलिनॉय में नवरात्रि के दौरान एक हिंदू मंदिर पर हमला करने की साजिश रचने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 19 साल के अलेक्जेंड्रोस पापोराकिस पर आरोप है कि वह 11 अक्तूबर को भारतीय मूल के लोगों की सामूहिक हत्या करना चाहता था।
इलिनॉय (इंट.): अमरीका के इलिनॉय में नवरात्रि के दौरान एक हिंदू मंदिर पर हमला करने की साजिश रचने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 19 साल के अलेक्जेंड्रोस पापोराकिस पर आरोप है कि वह 11 अक्तूबर को भारतीय मूल के लोगों की सामूहिक हत्या करना चाहता था। पापोराकिस अपने घर से करीब 65 कि.मी. गाड़ी चलाकर ऑरोरा में श्री वेंकटेश्वर स्वामी (बालाजी) मंदिर पहुंचा था।
इस मंदिर में छुट्टी के दिन 3,000 से ज्यादा श्रद्धालु आते हैं। पापोराकिस अपने साथ राइफल और सैंकड़ों गोलियां लेकर आया था, लेकिन राइफल जाम होने की वजह से वह ऐसा नहीं कर पाया।
पुलिस को उसके घर में मिली एक जैकेट पर ऐसा निशान भी था, जो गोरी नस्ल को दूसरों से बेहतर मानने वाले चरमपंथियों से जुड़ा है। आरोपी अपने सहकर्मियों के सामने भारतीयों के खिलाफ नस्लभेदी बातें करता था। वह उन्हें मार डालने की भी बातें करता था। अमरीकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक युवक भारतीय मूल के लोगों से नफरत करता था। उसके घर से राइफल, कई भरी हुई मैगजीन और 300 राऊंड गोलियां मिली हैं।