Edited By Reetu sharma,Updated: 04 Jun, 2026 06:45 PM
बॉलीवुड में आने वाले कुछ साल बेहद दिलचस्प रहने वाले हैं। बड़े बजट की फिल्मों, फ्रेंचाइज़ी प्रोजेक्ट्स और पैन इंडिया रिलीज़ के दौर में कई सुपरस्टार्स अपनी सबसे बड़ी लाइनअप के साथ तैयार नजर आ रहे हैं।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल बॉलीवुड में आने वाले कुछ साल बेहद दिलचस्प रहने वाले हैं। बड़े बजट की फिल्मों, फ्रेंचाइज़ी प्रोजेक्ट्स और पैन इंडिया रिलीज़ के दौर में कई सुपरस्टार्स अपनी सबसे बड़ी लाइनअप के साथ तैयार नजर आ रहे हैं। यही वजह है कि इंडस्ट्री और ट्रेड सर्कल्स में अभी से चर्चा शुरू हो गई है कि आने वाले वर्षों में बॉक्स ऑफिस पर किसका दबदबा रहेगा। सनी देओल, अक्षय कुमार, अजय देवगन, सलमान खान, रणबीर कपूर और कार्तिक आर्यन जैसे सितारों की फिल्मी कतार इतनी लंबी है कि ये सभी आने वाले समय में हिंदी सिनेमा की दिशा तय करते दिखाई दे सकते हैं।
सनी देओल के करियर का सबसे बड़ा फेज
‘गदर 2’ की ऐतिहासिक सफलता के बाद सनी देओल अपने करियर के सबसे व्यस्त दौर में पहुंच चुके हैं। उनके पास फिलहाल ‘रामायण पार्ट 1’, ‘रामायण पार्ट 2’, ‘लाहौर 1947’, ‘जाट 2’, ‘बाप’, ‘गबरू’, ‘एंथनी’ और निर्देशक निखिल नागेश भट्ट की एक अनटाइटल्ड फिल्म समेत करीब आठ बड़े प्रोजेक्ट्स हैं। एक्शन से लेकर पीरियड ड्रामा और मल्टीस्टारर फिल्मों तक, सनी की लाइनअप उन्हें आने वाले वर्षों का सबसे चर्चित स्टार बना रही है।
अक्षय कुमार फिर बने सबसे बिजी स्टार
अक्षय कुमार एक बार फिर अपनी तेज रफ्तार फिल्मी रणनीति के साथ चर्चा में हैं। उनके पास ‘वेलकम टू द जंगल’, ‘हेरा फेरी 3’, ‘भागम भाग 2’, ‘गोलमाल 5’, ‘हैवान’ और ‘समुक’ जैसी कई फिल्में मौजूद हैं। कॉमेडी फ्रेंचाइज़ी और नए प्रयोगों का यह मिश्रण दिखाता है कि अक्षय लगातार दर्शकों को अलग-अलग तरह का मनोरंजन देने की कोशिश कर रहे हैं।
अजय देवगन का फ्रेंचाइज़ी गेम मजबूत
जय देवगन भी अपनी सफल फिल्मों के अगले अध्यायों पर बड़ा दांव खेल रहे हैं। उनकी आगामी फिल्मों में ‘धमाल 4’, ‘दृश्यम 3’, ‘रेंजर’, ‘गोलमाल 5’ और ‘शैतान 2’ शामिल हैं। सस्पेंस, कॉमेडी, एक्शन और हॉरर के मिश्रण के साथ अजय अपने दर्शकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए मजबूत फिल्मी लाइनअप तैयार कर चुके हैं।
सलमान खान पर टिकी हैं बड़ी उम्मीदें
सलमान Khan का स्टारडम आज भी बॉलीवुड में सबसे मजबूत माना जाता है। उनके पास ‘मातृभूमि’ के अलावा निर्देशक वामशी पैदिपल्ली और राज एंड डीके के साथ भी बड़े प्रोजेक्ट्स मौजूद हैं। सलमान की हर नई फिल्म ट्रेड और दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बनती है, ऐसे में उनकी आने वाली फिल्मों से भी बॉक्स ऑफिस को बड़ी उम्मीदें हैं।
रणबीर कपूर का मेगा प्रोजेक्ट्स पर फोकस
रणबीर कपूर ने पिछले कुछ वर्षों में बेहद सोच-समझकर फिल्मों का चयन किया है। ‘रामायण पार्ट 1’, ‘रामायण पार्ट 2’, संजय लीला भंसाली की ‘लव एंड वॉर’ और ‘एनिमल पार्क’ जैसी फिल्मों के जरिए रणबीर खुद को मौजूदा दौर के सबसे बड़े सितारों में मजबूती से स्थापित कर रहे हैं। उनकी आने वाली फिल्मों का स्केल और चर्चा दोनों ही उन्हें इंडस्ट्री के टॉप स्टार्स की रेस में बनाए हुए हैं।
नई पीढ़ी के सुपरस्टार बनते कार्तिक आर्यन
कार्तिक आर्यन का स्टारडम लगातार बढ़ रहा है और उनकी फिल्मी लाइनअप इसकी गवाही देती है। ‘नागजिला’, ‘कैप्टन इंडिया’, अनुराग बसु की म्यूजिकल लव स्टोरी और कबीर खान के साथ स्पोर्ट्स ड्रामा जैसी फिल्मों के जरिए कार्तिक खुद को नई पीढ़ी के सबसे बड़े कमर्शियल स्टार के रूप में स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं। रोमांस, एडवेंचर, फैंटेसी और स्पोर्ट्स ड्रामा जैसे अलग-अलग जॉनर में उनकी मौजूदगी उन्हें बाकी युवा सितारों से अलग बनाती है।
बॉक्स ऑफिस की अगली जंग होगी दिलचस्प
बॉलीवुड में अगले कुछ साल सुपरस्टार्स की बड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है। जहां एक तरफ अनुभवी सितारे अपनी मजबूत फ्रेंचाइज़ी और बड़े बजट की फिल्मों के साथ मैदान में हैं, वहीं दूसरी तरफ नई पीढ़ी के स्टार्स भी तेजी से अपनी जगह मजबूत कर रहे हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले समय में बॉक्स ऑफिस का असली बादशाह कौन बनता है।