“दान नहीं, सेवा है” अक्षय कुमार ने 2 करोड़ की मदद पर कही बड़ी बात

Edited By Updated: 11 Mar, 2026 04:12 PM

akshay kumar said big thing on help of rs 2 crore

टीवी शो व्हील ऑफ फॉर्च्यून इंडिया पर एक भावुक पल देखने को मिला, जब वरिष्ठ पत्रकार सोनल कलरा ने अभिनेता अक्षय कुमार से जुड़ी एक खास कहानी साझा की।

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। टीवी शो व्हील ऑफ फॉर्च्यून इंडिया पर एक भावुक पल देखने को मिला, जब वरिष्ठ पत्रकार सोनल कलरा ने अभिनेता अक्षय कुमार से जुड़ी एक खास कहानी साझा की। इस किस्से ने अभिनेता के उस पहलू को सामने लाया, जिसके बारे में वह अक्सर बात करना पसंद नहीं करते।

सोनल कलरा ने बताया कि वह अक्षय कुमार को करीब 20 साल से जानती हैं और उन्होंने उनके व्यक्तित्व का एक अलग ही पक्ष देखा है। उन्होंने लॉकडाउन के दौरान की एक घटना याद करते हुए कहा कि उस समय देश में कोरोना महामारी के कारण लोग पहले ही परेशान थे, वहीं बिहार और असम में भयंकर बाढ़ की स्थिति भी थी।

उन्होंने बताया, “मैंने अक्षय को बताया कि लोग लॉकडाउन से चिंतित हैं और उसी समय बिहार और असम में बाढ़ ने हालात और कठिन बना दिए हैं। अचानक अक्षय ने मुझसे कहा, ‘क्या आप मुख्यमंत्री कार्यालय का नंबर ढूंढ सकती हैं?’”

सोनल कलरा ने अपने सूत्रों से नंबर का इंतजाम किया और अक्षय कुमार को दे दिया। कुछ ही घंटों बाद उन्हें एक राजनीतिक पत्रकार का फोन आया, जिसमें पूछा गया कि क्या यह सच है कि अक्षय कुमार ने बिहार और असम के मुख्यमंत्री राहत कोष में 1-1 करोड़ रुपये दिए हैं।

जब उन्होंने इस बारे में अक्षय कुमार से पूछा, तो अभिनेता ने इसे ज्यादा महत्व नहीं दिया। उन्होंने कहा, “मैंने पैसे दिए हैं, लेकिन इसे दान मत कहिए।”

मंच पर इस बारे में बात करते हुए अक्षय कुमार ने कहा, “मुझे हमेशा लगता है कि ‘चैरिटी’ या ‘डोनेशन’ शब्द सबसे खराब शब्द हैं। जब आप किसी की मदद करते हैं, तो यह आपका सौभाग्य होता है कि आप ऐसा कर पाए।”

उन्होंने आगे कहा, “भगवान ने आपको किसी की सेवा करने लायक बनाया है। इसलिए इसे दान नहीं, बल्कि सेवा कहना चाहिए।”

इस बातचीत ने दर्शकों को भावुक कर दिया और यह याद दिलाया कि असली मायने में मदद वही है, जिसके बारे में अक्सर शोर नहीं किया जाता। अक्षय कुमार ने इसे एक साधारण सेवा की तरह देखा, लेकिन इस कहानी ने यह दिखा दिया कि कई बार किसी व्यक्ति के सबसे बड़े काम वही होते हैं, जिनका वह खुद कभी जिक्र नहीं करता।

 

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!