Edited By Manisha,Updated: 16 Jun, 2026 05:23 PM

शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना स्टारर ‘कॉकटेल 2’ की रिलीज में अब महज तीन दिन बाकी हैं।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना स्टारर ‘कॉकटेल 2’ की रिलीज में अब महज तीन दिन बाकी हैं। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। रोमांस, मनोरंजन, स्टार पावर और दमदार म्यूजिक के दम पर फिल्म पहले ही चर्चा में बनी हुई है। इसी बीच खबर है कि मैडॉक फिल्म्स अपनी दो बहुप्रतीक्षित फिल्मों ‘प्रहार – द उज्ज्वल निकम स्टोरी’ और ‘ईथा’ के टीज़र भी ‘कॉकटेल 2’ के साथ सिनेमाघरों में दिखा सकती है।
राजकुमार राव बनेंगे उज्ज्वल निकम
‘प्रहार – द उज्ज्वल निकम स्टोरी’ में राजकुमार राव देश के चर्चित स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर उज्ज्वल निकम की भूमिका निभाते नजर आएंगे। फिल्म में वामिका गब्बी, जयदीप अहलावत और सिकंदर खेर भी अहम किरदारों में दिखाई देंगे। अविनाश अरुण के निर्देशन में बनी यह कोर्टरूम ड्रामा फिल्म 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म को लेकर पहले से ही दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है।
श्रद्धा कपूर का दमदार अवतार दिखाएगी ‘ईथा’
दूसरी ओर, ‘ईथा’ में श्रद्धा कपूर प्रसिद्ध मराठी तमाशा कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर का किरदार निभाती नजर आएंगी। लक्ष्मण उटेकर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणदीप हुड्डा और मोहम्मद जीशान अय्यूब भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म 28 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर रिलीज होगी। माना जा रहा है कि यह श्रद्धा कपूर के करियर की सबसे चुनौतीपूर्ण और परिवर्तनकारी भूमिकाओं में से एक होगी।
मैडॉक की खास मार्केटिंग रणनीति
सूत्रों के अनुसार, ‘कॉकटेल 2’ के साथ इन दोनों फिल्मों के टीज़र दिखाए जाने की संभावना काफी मजबूत है, हालांकि आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है। इससे पहले भी मैडॉक फिल्म्स अपनी फिल्मों के प्रमोशन के लिए इसी तरह की रणनीति अपनाती रही है। ‘छावा’ के साथ ‘भूल चूक माफ़’ का टीज़र, ‘थम्मा’ के साथ ‘शक्ति शालिनी’ की घोषणा और ‘स्त्री 2’ के साथ ‘छावा’ की पहली झलक दर्शकों को दिखाई गई थी।
अगस्त में बॉक्स ऑफिस पर छा सकता है मैडॉक
ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि ‘प्रहार’ और ‘ईथा’ दोनों ही बॉक्स ऑफिस पर मजबूत दावेदारी पेश कर सकती हैं। एक ओर जहां ‘प्रहार’ दमदार कोर्टरूम ड्रामा का अनुभव देगी, वहीं ‘ईथा’ एक भव्य और प्रेरणादायक बायोपिक के रूप में दर्शकों के सामने आएगी। ऐसे में अगस्त का महीना मैडॉक फिल्म्स के नाम रहने की पूरी संभावना दिखाई दे रही है।