IT शेयरों में बिकवाली से 5 दिनों की तेजी थमी, सेंसेक्स 607 अंक टूटा

Edited By Updated: 19 Jun, 2026 03:32 PM

market slips after 5 day rally investors suffer losses

5 दिन की तेजी के बाद शुक्रवार को शेयर बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स खुलने के कुछ ही मिनटों बाद 832 अंक गिरकर 76,578.08 के स्तर तक पहुंच गया। इसी तरह निफ्टी भी 229 अंक से ज्यादा टूटकर 23,938.75 के लो तक फिसल गया। इस गिरावट का असर...

बिजनेस डेस्कः वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनी एक्सेंचर के सतर्क आय अनुमान और वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच आईटी शेयरों में भारी बिकवाली से घरेलू शेयर बाजार पांच दिनों की तेजी के बाद शुक्रवार को गिरकर बंद हुए। सेंसेक्स में 607 अंक और निफ्टी में 155 अंक की गिरावट दर्ज की गई। विश्लेषकों के मुताबिक, स्विट्जरलैंड में अमेरिका-ईरान शांति समझौते को अंतिम रूप देने के लिए प्रस्तावित वार्ता के टलने से उत्पन्न नई अनिश्चितता ने भी निवेशकों की धारणा को कमजोर किया। बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 607.08 अंक यानी 0.78 प्रतिशत टूटकर 76,802.90 अंक पर बंद हुआ। 

कारोबार के दौरान एक समय यह 940.26 अंक तक लुढ़क गया था। वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 154.90 अंक यानी 0.64 प्रतिशत गिरकर 24,013.10 अंक पर बंद हुआ। इस तरह घरेलू बाजारों में पांच कारोबारी सत्रों से जारी तेजी थम गई। इससे पहले के पांच कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स 3,577.43 अंक यानी 4.84 प्रतिशत और निफ्टी 1,006.4 अंक यानी 4.34 प्रतिशत चढ़ गया था। शुक्रवार को सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में इन्फोसिस का शेयर 6.69 प्रतिशत टूटा। इसके अलावा टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) 3.53 प्रतिशत, एचसीएल टेक 2.74 प्रतिशत और टेक महिंद्रा 2.45 प्रतिशत नीचे बंद हुए। 

एचडीएफसी बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज और हिंदुस्तान यूनिलीवर भी नुकसान में रहे। दूसरी तरफ, भारती एयरटेल, पावर ग्रिड और एनटीपीसी जैसे शेयर बढ़त में रहे। सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनियों में गिरावट आने से बीएसई आईटी सूचकांक 3.57 प्रतिशत लुढ़क गया। ऑनलाइन ट्रेडिंग फर्म एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर. ने कहा, "आईटी शेयरों में तेज बिकवाली के साथ वैश्विक अनिश्चितता फिर से बढ़ने के बीच भारतीय शेयर बाजारों में गिरावट आई क्योंकि निवेशकों ने मुनाफावसूली की। एक्सेंचर के सतर्क आय पूर्वानुमान के बाद बाजार धारणा प्रभावित हुई, जबकि अमेरिका-ईरान वार्ता के टलने से व्यापक शांति प्रक्रिया के सुचारू रूप से आगे बढ़ने की उम्मीदों को झटका लगा।" 

व्यापक बाजार में छोटी कंपनियों का बीएसई स्मालकैप सूचकांक 0.62 प्रतिशत चढ़ गया जबकि मझोली कंपनियों के मिडकैप सूचकांक में 0.42 प्रतिशत की तेजी रही। क्षेत्रवार सूचकांकों में आईटी खंड 3.57 प्रतिशत गिर गया जबकि फोकस आईटी खंड में 2.81 प्रतिशत, तेल एवं गैस खंड में 1.21 प्रतिशत और ऊर्जा खंड में एक प्रतिशत की गिरावट रही। रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजीत मिश्रा ने कहा, "मानक सूचकांकों में गिरावट की वजह आईटी शेयरों में बिकवाली रही, जो एक्सेंचर के अपेक्षा से कमजोर परिदृश्य के बाद देखी गई। इससे आईटी क्षेत्र में जल्द सुधार की उम्मीदों को झटका लगा और भारतीय प्रौद्योगिकी कंपनियों की मांग संभावनाओं को लेकर चिंताएं बढ़ गईं।" 

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 1,025.20 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। वैश्विक स्तर पर कच्चा तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.58 प्रतिशत गिरकर 79.39 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी मामूली गिरावट में रहा, जबकि जापान का निक्की बढ़त में रहा। चीन का शंघाई और हांगकांग का बाजार अवकाश के कारण बंद रहे। अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। बृहस्पतिवार को अमेरिकी बाजारों में तेजी रही थी। पिछले सत्र में बृहस्पतिवार को सेंसेक्स 254.36 अंक चढ़कर 77,409.98 अंक और निफ्टी 82.30 अंक बढ़कर 24,168 अंक पर बंद हुआ था।
 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!