‘दृश्यम’ का आखिरी अध्याय होगा और भी खतरनाक, फर्स्ट लुक में दिखे नए चेहरे

Edited By Updated: 29 Aug, 2026 04:03 PM

drishyam the conclusion first look ajay devgn tabu jaideep ahlawat

‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ के फर्स्ट लुक कैरेक्टर पोस्टर्स जारी हो गए हैं। अजय देवगन, तब्बू और श्रिया सरन के साथ जयदीप अहलावत और प्रकाश राज की एंट्री हुई है। फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को रिलीज होगी।

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। हिंदी सिनेमा के सबसे चर्चित फैमिली थ्रिलर फ्रेंचाइजी में से एक ‘दृश्यम’ अब अपनी आखिरी कहानी के साथ दर्शकों के बीच आने के लिए तैयार है। विजय सलगांवकर के किरदार ने पिछले दो पार्ट्स में अपने परिवार को बचाने के लिए जिस तरह पुलिस और कानून की आंखों में धूल झोंकी, उसने दर्शकों के बीच इस कहानी को खास पहचान दिलाई। अब फ्रेंचाइजी के फाइनल चैप्टर ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का इंतजार और भी बढ़ गया है।

मेकर्स ने फिल्म के फर्स्ट लुक कैरेक्टर पोस्टर्स जारी कर दिए हैं। इन पोस्टर्स में फिल्म के प्रमुख किरदारों की पहली झलक देखने को मिली है। पोस्टर्स ने यह साफ कर दिया है कि इस बार विजय सलगांवकर की कहानी पहले से कहीं ज्यादा बड़े दांव और नए किरदारों के साथ आगे बढ़ने वाली है।

अजय देवगन फिर बनेंगे विजय सलगांवकर
फिल्म के केंद्र में एक बार फिर अजय देवगन विजय सलगांवकर के आइकॉनिक किरदार में नजर आएंगे। उनके साथ श्रिया सरन नंदिनी सलगांवकर के रूप में वापसी कर रही हैं। पिछले दोनों पार्ट्स में जिस परिवार ने हर जांच, सवाल और मुश्किल का मिलकर सामना किया था, अब एक बार फिर वह पुलिस और कानून की नजर में है।

विजय ने अब तक अपने परिवार को बचाने के लिए कई चालें चली हैं, लेकिन फाइनल चैप्टर में उनके सामने क्या नई चुनौती आने वाली है, यह फिल्म की सबसे बड़ी उत्सुकता बनी हुई है।

तब्बू और रजत कपूर की भी वापसी
फ्रेंचाइजी की अहम किरदार मीरा देशमुख के रूप में तब्बू एक बार फिर वापसी कर रही हैं। इस बार उनका संघर्ष और भी ज्यादा व्यक्तिगत होने वाला है। बेटे को खोने के बाद मीरा के भीतर विजय सलगांवकर से बदला लेने की भावना और गहरी हो चुकी है। वहीं रजत कपूर महेश देशमुख के किरदार में लौट रहे हैं। बेटे की मौत ने उनके परिवार को जिस दर्द से गुजारा है, उसका असर अब तक उनकी जिंदगी पर दिखाई देता है।

जयदीप अहलावत और प्रकाश राज की हुई एंट्री
‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ में फ्रेंचाइजी का दायरा बढ़ाते हुए जयदीप अहलावत की एंट्री हुई है। वह एसपी क्राइम ब्रांच राजवीर सिंह तोमर के किरदार में नजर आएंगे। उनके किरदार की मौजूदगी विजय सलगांवकर के लिए नई मुश्किलें खड़ी कर सकती है। इसके अलावा प्रकाश राज भी फिल्म का हिस्सा हैं। वह वकील इंद्रजीत शेट्टी की भूमिका निभाएंगे। ऐसे में फिल्म में कानून और जांच से जुड़े नए समीकरण देखने को मिल सकते हैं।

पुराने किरदार भी लौटेंगे
फिल्म में कमलेश सावंत, इशिता दत्ता और मृणाल जाधव भी ‘दृश्यम’ की दुनिया में वापसी कर रहे हैं। नए और पुराने किरदारों के साथ फिल्म की कहानी को फ्रेंचाइजी के अंतिम अध्याय की ओर ले जाया जाएगा।

नई कहानी के साथ होगा फाइनल चैप्टर
‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का निर्देशन और लेखन अभिषेक पाठक कर रहे हैं। फिल्म की कहानी को दूसरे पार्ट के बाद से आगे बढ़ाया गया है, लेकिन इस बार दर्शकों को एक नई कहानी और बिल्कुल नया स्क्रीनप्ले देखने को मिलेगा।

मेकर्स का लक्ष्य कहानी के पुराने संघर्ष, किरदारों और अनसुलझे सवालों को एक बड़े फिनाले में जोड़ना है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या इस बार विजय सलगांवकर पुलिस और कानून को फिर मात दे पाएंगे या आखिरकार उनका खेल खत्म हो जाएगा।

फिल्म को स्टार स्टूडियो18 प्रस्तुत कर रहा है, जबकि इसका निर्माण पैनोरमा स्टूडियोज के बैनर तले किया गया है। फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है और इसकी कहानी अभिषेक पाठक, आमिल कीयान खान और परवेज शेख ने लिखी है। फिल्म के निर्माता आलोक जैन, अजीत अंधारे, कुमार मंगत पाठक और अभिषेक पाठक हैं। ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!