'अगले 30 साल तक भी सरकार नहीं बना पाएगी कांग्रेस', अमित शाह का बड़ा दावा

Edited By Updated: 22 Oct, 2026 07:12 PM

congress will not be able to form a government for the next 30 years amit shah

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि धरने-प्रदर्शनों से कुछ हासिल नहीं होगा तथा भाजपा अगले 30 साल तक सत्ता में बनी रहेगी, क्योंकि पार्टी जनता के बीच रहती है और उनकी समस्याओं को...

नई दिल्लीः केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि धरने-प्रदर्शनों से कुछ हासिल नहीं होगा तथा भाजपा अगले 30 साल तक सत्ता में बनी रहेगी, क्योंकि पार्टी जनता के बीच रहती है और उनकी समस्याओं को उठाती है।

यमुना की सफाई के लिए 8,941 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन करते हुए शाह ने दिल्ली की पिछली कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) सरकारों पर नदी के प्रदूषण को रोकने के लिए कुछ भी नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर भी तीखा हमला करते हुए कहा कि ''बहानेबाजी की राजनीति'' ज्यादा दिनों तक नहीं चलेगी तथा अगले साल पंजाब विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी का ''सफाया'' हो जाएगा।

शाह ने गांधी पर दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन करने के लिए दूसरे राज्यों से पार्टी कार्यकर्ताओं को जुटाने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे भाजपा को मिले जनादेश को खारिज नहीं कर सकते। शाह ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष पर बिना पूर्व सूचना के विदेश यात्राओं को लेकर तंज कसते हुए कहा, ''देश के लोग आपको समझते हैं। आप मेरी बात नहीं सुन सकते, क्योंकि आप कहीं विदेश में बैठे हैं और यह भी नहीं बताते कि विदेश क्यों गए हैं? कोई बात नहीं, क्योंकि यह आपका निजी जीवन है।''

उन्होंने कहा कि अगले 30 साल तक भी गांधी के सत्ता में आने का कोई मौका नहीं है। शाह ने कहा, ''भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जनता के बीच रहते हैं, उनकी समस्याओं को समझते हैं और उन्हें हल करने के लिए लगातार काम करते हैं।'' मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कथित वोट चोरी को लेकर गांधी के नेतृत्व में हाल में हुए विपक्षी दलों के प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए शाह ने कहा, ''आप राजनीतिक साजिशों और भीड़तंत्र के जरिए देश की जनता के जनादेश को झुठला नहीं सकते।'' उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस और गांधी चुनाव जीतना चाहते हैं, तो उन्हें जनता के बीच जाना होगा, उनकी समस्याओं को उठाना होगा और जिन राज्यों में उनकी पार्टी की सरकार है, वहां लोगों के कल्याण के लिए योजनाएं चलानी होंगी।

गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ''ऐसा नहीं करने पर आपका जो कुछ भी बचा है, वह भी खत्म हो जाएगा और इसे कोई नहीं रोक पाएगा।'' केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि इस समय दिल्ली में कांग्रेस समेत विपक्षी दल एक अलग ही तरह का राजनीतिक खेल खेल रहे हैं। शाह ने कहा, ''भाजपा लगातार एक के बाद एक राज्यों में सत्ता में आ रही है। इससे परेशान होकर विपक्ष ने 'वोट चोरी' का बहाना ढूंढ लिया है और कह रहा है कि भाजपा के पास जनादेश नहीं है तथा वह वोट चुराती है।''

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल 'वोट चोरी' के बहाने देश में घुसपैठियों को बचाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि ये दल—जो पहले इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) से छेड़छाड़ और अब 'वोट चोरी' जैसे बहाने बनाते रहे हैं—कई राज्यों में दशकों से सत्ता से बाहर हैं। शाह ने कहा कि कांग्रेस गुजरात और उत्तर प्रदेश में 41 साल, पश्चिम बंगाल में 54 साल और तमिलनाडु में 64 साल से सत्ता से बाहर है। वहीं, राजस्थान और मध्यप्रदेश में भी वह 28 साल से पूर्ण बहुमत की सरकार नहीं बना पाई है।

शाह ने बताया कि ''यह सब नरेन्द्र मोदी के सत्ता में आने से पहले हुआ था।'' उन्होंने कहा कि विपक्ष के वोट चोरी करने के आरोपों के बावजूद, भाजपा 30 साल तक सत्ता में बनी रहेगी। उन्होंने कहा, ''अमित शाह यहीं पैदा हुआ है, यहीं रहता है और यहीं मरेगा। मुझे हर छह महीने में विदेश जाने की जरूरत नहीं पड़ती।'' शाह ने 'वोट चोरी' के आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि कांग्रेस और गांधी जिस तरह की 'नकारात्मक राजनीति' कर रहे हैं, उससे वे 2030 तक भी सरकार नहीं बना पाएंगे।

शाह ने कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना और केरल में चुनाव जीतने पर कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग या मतदाता सूची के बारे में कुछ नहीं कहा, लेकिन जब भी वह चुनाव हारी, तो उसने आरोप लगाए। शाह ने यह भी आरोप लगाया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी के शासन में मादक पदार्थों की तस्करी बढ़ी है। गृह मंत्री ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि ''बहानेबाजी की राजनीति'' पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को नहीं बचा पाएगी। शाह ने यह भी दावा किया कि पंजाब में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनने के बाद राज्य में मादक पदार्थों की तस्करी खत्म कर दी जाएगी।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!