Edited By Manisha,Updated: 21 Jul, 2026 12:21 PM

फिल्म 'चंदू चैंपियन' के लिए अपना पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार (सर्वश्रेष्ठ अभिनेता) जीतने के बाद अभिनेता कार्तिक आर्यन भगवान महाकाल का आशीर्वाद लेने उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। फिल्म 'चंदू चैंपियन' के लिए अपना पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार (सर्वश्रेष्ठ अभिनेता) जीतने के बाद अभिनेता कार्तिक आर्यन भगवान महाकाल का आशीर्वाद लेने उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। इस खास अवसर पर उनके साथ उनके माता-पिता भी मौजूद रहे। तीनों ने बाबा महाकाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और ईश्वर के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।
शयन आरती में हुए शामिल, सोशल मीडिया पर वायरल हुईं तस्वीरें
कार्तिक आर्यन ने अपने माता-पिता के साथ मंदिर की पवित्र शयन आरती में हिस्सा लिया। इस दौरान वह नंदी हॉल में हाथ जोड़कर प्रार्थना करते नजर आए और बाद में गर्भगृह में बाबा महाकाल के दर्शन किए। उनकी इस आध्यात्मिक यात्रा की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिन पर फैंस लगातार प्यार और शुभकामनाएं बरसा रहे हैं।
'चंदू चैंपियन' के लिए मिला पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार
गौरतलब है कि कार्तिक आर्यन को 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में फिल्म 'चंदू चैंपियन' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का सम्मान मिला है। भारत के पहले पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता मुरलीकांत पेटकर के जीवन पर आधारित इस बायोपिक में कार्तिक ने अपने दमदार अभिनय और शानदार शारीरिक ट्रांसफॉर्मेशन से दर्शकों और समीक्षकों दोनों का दिल जीता। यह उनके फिल्मी करियर का पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार है।