Edited By Prachi Sharma,Updated: 01 Sep, 2026 04:16 PM

Swara Bhasker : स्वरा भास्कर भले ही लंबे समय से फिल्मों में नजर नहीं आई लेकिन अपने बेबाक बयानों के चलते अक्सर सुर्खियों में रहती हैं। अब एक बार फिर उनका एक बयान चर्चा में है। दरअसल, स्वरा ने संजय लीला भंसाली की साल 2018 में रिलीज हुई फिल्म पद्मावत...
Swara Bhasker : स्वरा भास्कर भले ही लंबे समय से फिल्मों में नजर नहीं आई लेकिन अपने बेबाक बयानों के चलते अक्सर सुर्खियों में रहती हैं। अब एक बार फिर उनका एक बयान चर्चा में है। दरअसल, स्वरा ने संजय लीला भंसाली की साल 2018 में रिलीज हुई फिल्म पद्मावत के जौहर वाले दृश्य को लेकर सवाल उठाए हैं। फिल्म की रिलीज के समय भी एक्ट्रेस ने भंसाली को खुला पत्र लिखकर इसकी आलोचना की थी। अब एक हालिया कार्यक्रम में स्वरा ने अपने पुराने बयान का बचाव करते हुए कहा कि फिल्म में जौहर को जिस अंदाज में पेश किया गया, उससे महिलाओं को लेकर गलत सन्देश जाने का खतरा है।
स्वरा भास्कर ने दिया विवादित बयान
इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान स्वरा भास्कर ने पद्मावत के जौहर वाले दृश्य पर विस्तार से अपनी राय रखी। उन्होंने अपने पुराने रुख को दोहराते हुए कहा कि फिल्मों में जौहर को जिस तरह पेश किया जाता है, उससे समाज में महिलाओं को लेकर एक गलत सोच को बढ़ावा मिल सकता है।
स्वरा का कहना था कि इस तरह की प्रस्तुति से यह धारणा मजबूत होती है कि अगर किसी महिला के साथ यौन हिंसा या कोई गलत घटना होती है तो उसके पास आगे जीवन जीने का अधिकार नहीं बचता। उनके मुताबिक, इससे महिलाओं के सम्मान को उनकी शारीरिक पवित्रता से जोड़ने वाली सोच को बढ़ावा मिलता है।
जिनके साथ रेप हुआ है वो जीने के लायक नहीं हैं ?
स्वरा भास्कर ने इस मुद्दे पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि अगर किसी महिला के साथ दुष्कर्म जैसी घटना होती है तो उसे अपनी जिंदगी खत्म करने के बजाय आगे बढ़ने का हक मिलना चाहिए। उनका सवाल था कि फिल्मों में जौहर को महिमामंडित करने से क्या महिलाओं को यह सन्देश नहीं जाता कि उनकी इज्जत उनकी जिंदगी से ज्यादा महत्वपूर्ण है।
इसके बाद एक्ट्रेस ने कहा कि ऐसे समय में जब समाज में यौन हिंसा एक गंभीर समस्या बनी हुई है, महिलाओं को यह संदेश देना बेहद गलत है कि किसी अपराध का शिकार होने के बाद उनके पास जीने का कोई अधिकार नहीं बचता। स्वरा के मुताबिक, किसी महिला के साथ दुष्कर्म होना उसकी जिंदगी का अंत नहीं है और ऐसी सोच को बढ़ावा देना बहुत गलत है।
स्वरा भास्कर के बयान के बाद भड़के लोग
स्वरा भास्कर का बयान सामने आते ही सोशल मीडिया पर विवाद छिड़ गया। ट्विटर पर कई यूजर्स ने उनके वीडियो को शेयर करते हुए एक्ट्रेस की बातों पर आपत्ति जताई। कुछ लोगों का कहना था कि आज के समय में बैठकर उस दौर की परिस्थितियों पर टिप्पणी करना आसान है, जबकि उस समय महिलाओं के सामने हालात बेहद कठिन रहे होंगे।
इसी के साथ अन्य यूजर ने स्वरा की आलोचना करते हुए कहा कि जौहर करने वाली महिलाएं अपने सम्मान और धर्म की रक्षा के लिए अपने फैसले पर दृढ थीं।