Edited By Mansi,Updated: 05 Sep, 2026 03:20 PM
देव शर्मा और अंजलि अरोड़ा की फिल्म ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ का दूसरा गाना ‘राम जी की सेना’ रिलीज हो गया है। फिल्म 25 सितंबर 2026 को हिंदी और छत्तीसगढ़ी में रिलीज होगी।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। रामायण के एक महत्वपूर्ण अध्याय को बड़े पर्दे पर पेश करने जा रही फिल्म ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ का दूसरा गाना ‘राम जी की सेना’ रिलीज कर दिया गया है। अंजलि अरोड़ा और देव शर्मा स्टारर इस फिल्म के पहले गीत ‘सिया राम’ के बाद अब यह नया गाना दर्शकों को श्रीराम की वानर सेना की आस्था, साहस और सामूहिक शक्ति से रूबरू कराता है।
गीत में राम की सेना के लंका की ओर प्रस्थान से लेकर रामसेतु निर्माण तक के प्रसंग को भक्ति और जोश के साथ प्रस्तुत किया गया है। गाने की मुख्य पंक्ति ‘राम जी की सेना चली’ इसकी ऊर्जा को और बढ़ाती है, जबकि राम नाम की महिमा से जुड़ी पंक्तियां इस पूरे प्रसंग के धार्मिक और भावनात्मक पक्ष को सामने लाती हैं।
वानर सेना की भक्ति और साहस पर केंद्रित है गाना
‘सिया राम’ में जहां भगवान श्रीराम और माता सीता के रिश्ते के आत्मीय और भक्तिमय भाव को केंद्र में रखा गया था, वहीं ‘राम जी की सेना’ का फोकस श्रीराम के साथ खड़ी वानर सेना पर है। गाने में सेना के भीतर दिखाई देने वाली एकता, विश्वास और धर्म की स्थापना के लिए आगे बढ़ने का संकल्प प्रमुखता से नजर आता है। रामसेतु निर्माण के प्रसंग के जरिए भी भगवान राम के नाम और उनकी शक्ति में आस्था को दिखाया गया है।
हिंदी और छत्तीसगढ़ी में अलग-अलग शूट हुआ गाना
‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ की खास बात यह है कि फिल्म को हिंदी के साथ-साथ छत्तीसगढ़ी भाषा में भी शूट किया गया है। मेकर्स ने केवल हिंदी फिल्म को डब करके छत्तीसगढ़ी संस्करण तैयार नहीं किया है, बल्कि दोनों भाषाओं के लिए फिल्म और इसके गानों की शूटिंग अलग-अलग की गई है।
इसका उद्देश्य दोनों भाषाओं में कहानी की सांस्कृतिक और भाषाई पहचान को बरकरार रखना है। फिल्म 25 सितंबर 2026 को हिंदी और छत्तीसगढ़ी में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
चित्रकूट और बस्तर में शूट किए गए कई दृश्य
फिल्म की शूटिंग के दौरान वास्तविक लोकेशंस को प्राथमिकता देने की कोशिश भी नजर आती है। हाल ही में देव शर्मा और अंजलि अरोड़ा के चित्रकूट और बस्तर, छत्तीसगढ़ में शूट किए गए BTS वीडियो सामने आए थे।
श्रीराम और माता सीता से जुड़े कई दृश्यों को प्राकृतिक लोकेशंस के बीच फिल्माया गया है। मेकर्स ने ऐसे स्थानों को चुना, जिन्हें परंपरागत रूप से राम और सीता की वनवास यात्रा से जोड़ा जाता है। इससे फिल्म के दृश्यों में वास्तविकता का भाव लाने की कोशिश की गई है।
देव शर्मा ने बताया गाने का महत्व
फिल्म में श्रीराम की भूमिका निभा रहे देव शर्मा ने ‘राम जी की सेना’ को सामूहिक आस्था और शक्ति का प्रतीक बताया। उनके मुताबिक, यह गीत उस भावना को सामने लाता है, जिसके साथ श्रीराम की वानर सेना अधर्म के खिलाफ धर्म की स्थापना के लिए आगे बढ़ती है।
वहीं हनुमान की भूमिका निभा रहे निर्भय वाधवा ने कहा कि हनुमान जी के लिए श्रीराम की भक्ति ही उनकी शक्ति और उद्देश्य है। उनके अनुसार, यह गाना उसी भक्ति के साथ ऊर्जा और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है।
फरहाद भिवंडीवाला और सुनील सोनी ने दी आवाज
‘राम जी की सेना’ के हिंदी वर्जन को फरहाद भिवंडीवाला ने अपनी आवाज दी है, जबकि छत्तीसगढ़ी संस्करण सुनील सोनी ने गाया है। गाने का संगीत आशीष डोनाल्ड और देव चौहान ने तैयार किया है और इसके बोल जयदेव जोनवाल ने लिखे हैं। हिमांशु रावत असिस्टेंट कंपोजर हैं। गाने का मिक्स और मास्टर दीपक पूजारी और चयन डे ने किया है, जबकि इसकी कोरियोग्राफी हेमांशु कुमार ने संभाली है।
फरहाद ने गाने को भक्ति और ऊर्जा का मेल बताया। वहीं सुनील सोनी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ी वर्जन तैयार करते वक्त कोशिश रही कि भाषा की अपनी पहचान के साथ मूल रचना की भावना भी बरकरार रहे।
फिल्म में नजर आएंगे ये कलाकार
फिल्म में देव शर्मा श्रीराम, अंजलि अरोड़ा माता सीता, शील वर्मा लक्ष्मण, निर्भय वाधवा हनुमान और रजनीश दुग्गल रावण की भूमिका में दिखाई देंगे। ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ को A J Film’s Entertainment World प्रस्तुत कर रहा है, जिसका नेतृत्व अजय कनोजिया कर रहे हैं। यह Mahobiya Films Production है। फिल्म का निर्माण प्रकाश महोबिया और संजय बुंदेला ने किया है, जबकि निर्देशन अभिषेक सिंह ने किया है। मोनिका सेन, हनी कुलदीप अग्रवाल और जुगल तिवारी को-प्रोड्यूसर हैं और आनंद तिवारी (AJ Films) एसोसिएट प्रोड्यूसर के तौर पर जुड़े हैं।
फिल्म का नया गीत ‘राम जी की सेना’ हिंदी और छत्तीसगढ़ी दोनों भाषाओं में रिलीज हो चुका है, और इसके साथ फिल्म की म्यूजिकल जर्नी रामायण के अलग-अलग भावों को दर्शकों तक पहुंचाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।