मदर्स डे स्पेशल: जब बॉलीवुड अभिनेत्रियों ने मां के किरदार को बना दिया ताकत, संघर्ष और प्रेरणा की कहानी

Edited By Updated: 09 May, 2026 02:04 PM

mother day special powerful bollywood moms who redefined strength on screen

सिनेमा में मां का किरदार अब सिर्फ भावुक दृश्यों और पारिवारिक कहानियों तक सीमित नहीं रहा है। बीते कुछ वर्षों में कई बॉलीवुड अभिनेत्रियों ने मां के किरदार को मजबूती, साहस और भावनात्मक शक्ति के साथ पर्दे पर उतारा है।

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। सिनेमा में मां का किरदार अब सिर्फ भावुक दृश्यों और पारिवारिक कहानियों तक सीमित नहीं रहा है। बीते कुछ वर्षों में कई बॉलीवुड अभिनेत्रियों ने मां के किरदार को मजबूती, साहस और भावनात्मक शक्ति के साथ पर्दे पर उतारा है। मदर्स डे के मौके पर आइए नजर डालते हैं उन दमदार किरदारों पर, जिन्होंने मां की ताकत को नए अंदाज़ में पेश किया।

जज़्बा – ऐश्वर्या राय बच्चन
फिल्म 'जज़्बा' में ऐश्वर्या राय बच्चन ने एक वकील के साथ सिंगल मदर का भी किरदार निभाया है, जो अपनी बेटी को बचाने के लिए हर हद पार करने को तैयार रहती है। उनकी परफॉर्मेंस में एक मां की मजबूरी, दर्द और ताकत का बेहतरीन संतुलन देखने को मिलता है।

मॉम – श्रीदेवी
'मॉम' में श्रीदेवी ने अपने करियर की सबसे भावुक और प्रभावशाली परफॉर्मेंस दी थी। बेटी के लिए इंसाफ की लड़ाई लड़ती एक मां के रूप में उन्होंने दर्द, गुस्सा और अपने नि:स्वार्थ प्यार को बेहद गहराई से निभाया था, जिसने हर दर्शक को भावुक कर दिया।

मिमी – कृति सेनन
'मिमी' में कृति सेनन ने अपने शानदार अभिनय से सभी को चौंका दिया था। एक महत्वाकांक्षी लड़की से लेकर अपने बच्चे की सुरक्षा के लिए हर चुनौती का सामना करने वाली मां तक का सफर उन्होंने बेहद खूबसूरती से दिखाया है। सच कहें तो इस किरदार ने उनकी अभिनय क्षमता को एक नए स्तर पर पहुंचाया।

छोरी – नुशरत भरुचा
हॉरर-ड्रामा 'छोरी' में नुशरत भरुचा ने एक गर्भवती महिला का किरदार निभाया है, जो अपने अजन्मे बच्चे को बचाने के लिए डर और सामाजिक बुराइयों से लड़ती है। उनकी परफॉर्मेंस में भावनात्मक गहराई और साहस दोनों साफ नजर आता है।

सलाम वेंकी – काजोल
'सलाम वेंकी' में काजोल ने एक ऐसी मां का किरदार निभाया है, जो अपने गंभीर रूप से बीमार बेटे की देखभाल करती है। इस फिल्म के ज़रिए उन्होंने बेहद संवेदनशीलता और गरिमा के साथ मां के अटूट प्रेम, उम्मीद और हिम्मत को पर्दे पर उतारा है।

मिसेज चैटर्जी वर्सेस नॉर्वे – रानी मुखर्जी
रानी मुखर्जी ने इस फिल्म में एक ऐसी मां का किरदार निभाया है, जो अपने बच्चों को वापस पाने के लिए पूरे सिस्टम से लड़ जाती है। उनकी दमदार एक्टिंग और भावनात्मक गहराई ने इस किरदार को बेहद यादगार बना दिया है।

गौरतलब है कि पर्दे पर इन नायिकाओं द्वारा निभाए गए ये सभी किरदार इस बात का प्रमाण हैं कि सिनेमा में मां सिर्फ परिवार की भावनात्मक आधारशिला ही नहीं, बल्कि एक योद्धा, रक्षक और असीम शक्ति का प्रतीक भी होती है। तो इस मदर्स डे पर पर्दे पर मां के इन प्रेरणादायक रूपों का जश्न मनाना तो बनता है। है ना।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!