Edited By Anu Malhotra,Updated: 09 May, 2026 08:05 AM

New CDS Of India: केंद्र सरकार ने देश के अगले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) के रूप में लेफ्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि (सेवानिवृत्त) की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। वह मौजूदा CDS जनरल अनिल चौहान का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल 30 मई 2026 को समाप्त हो...
New CDS Of India: केंद्र सरकार ने देश के अगले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) के रूप में लेफ्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि (सेवानिवृत्त) की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। वह मौजूदा CDS जनरल अनिल चौहान का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल 30 मई 2026 को समाप्त हो रहा है। नई जिम्मेदारी संभालने के साथ ही वह सैन्य मामलों के विभाग (Department of Military Affairs - DMA) के सचिव का पद भी संभालेंगे।
लेफ्टिनेंट जनरल राजा सुब्रमणि भारतीय सेना के अनुभवी अधिकारियों में गिने जाते हैं। रक्षा और सुरक्षा मामलों में उनकी गहरी समझ के कारण उन्हें सेना में एक रणनीतिक नेतृत्वकर्ता माना जाता है। फिलहाल वह राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय (NSCS) में सैन्य सलाहकार के तौर पर कार्य कर रहे हैं।
इससे पहले भी वह सेना के कई अहम पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने भारतीय सेना के उपप्रमुख (Vice Chief of Army Staff) के रूप में काम किया है। इसके अलावा मध्य कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (GOC-in-C) की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। सेना के संचालन, प्रशासन और रणनीतिक योजनाओं में उनका लंबा अनुभव रहा है।
रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि उनकी नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब भारतीय सेना तेजी से बड़े बदलावों के दौर से गुजर रही है। देश में थिएटर कमांड व्यवस्था को मजबूत करने और तीनों सेनाओं - थल सेना, वायु सेना और नौसेना - के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर लगातार काम हो रहा है। ऐसे में राजा सुब्रमणि का अनुभव रक्षा व्यवस्था को नई दिशा दे सकता है।
माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में सेना के आधुनिकीकरण, नई तकनीकों के इस्तेमाल और संयुक्त सैन्य ढांचे को और मजबूती मिलेगी। आने वाले समय में रक्षा क्षेत्र में कई बड़े फैसलों और योजनाओं को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी भी उनके कंधों पर होगी।
अगर उनकी शिक्षा और ट्रेनिंग की बात करें तो उनका रिकॉर्ड काफी मजबूत रहा है। वह नेशनल डिफेंस अकादमी (NDA) के पूर्व छात्र हैं। इसके अलावा उन्होंने यूनाइटेड किंगडम के जॉइंट सर्विसेज कमांड एंड स्टाफ कॉलेज और नई दिल्ली के नेशनल डिफेंस कॉलेज से भी प्रशिक्षण हासिल किया है। उन्होंने किंग्स कॉलेज लंदन से मास्टर डिग्री भी प्राप्त की है। लेफ्टिनेंट जनरल राजा सुब्रमणि का सैन्य सफर दिसंबर 1985 में शुरू हुआ था। उन्हें गढ़वाल राइफल्स में कमीशन मिला था।