Edited By Manisha,Updated: 02 Sep, 2026 05:21 PM

कुणाल खेमू के निर्देशन में बनी एक्शन-कॉमेडी फिल्म ‘वाइब’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म में कुणाल खेमू और स्पर्श श्रीवास्तव दो दोस्तों की भूमिका में नजर आएंगे, जिनकी आम जिंदगी अचानक एक खतरनाक मिशन में बदल जाती है। प्रीति जी जिंटा भी फिल्म में एक...
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। अमेजन MGM स्टूडियोज ने अपनी अपकमिंग थिएट्रिकल फिल्म ‘वाइब’ का ट्रेलर जारी कर दिया है। कुणाल खेमू के निर्देशन और लेखन में बनी यह हाई-स्टेक्स एक्शन-कॉमेडी दो दोस्तों हार्दिक और बग्स की कहानी है। दोनों अपनी सामान्य जिंदगी जी रहे होते हैं, लेकिन अचानक देश के सामने आए एक बड़े खतरे के कारण उन्हें ऐसे मिशन का हिस्सा बनना पड़ता है, जिसके लिए वे बिल्कुल तैयार नहीं हैं। हालात उन्हें अपनी दोस्ती और हिम्मत दोनों को परखने के लिए मजबूर कर देते हैं।
कुणाल-स्पर्श की जोड़ी, कॉमेडी के साथ भरपूर एक्शन
ट्रेलर में कुणाल खेमू और स्पर्श श्रीवास्तव की दोस्ती और उनकी मजेदार नोकझोंक कहानी का अहम हिस्सा नजर आती है। दोनों किरदारों के बीच के ह्यूमर के साथ ट्रेलर में कई हाई-ऑक्टेन एक्शन सीक्वेंस भी देखने को मिलते हैं। जैसे-जैसे दोनों इस मिशन में आगे बढ़ते हैं, उनके सामने नए खतरे और मुश्किलें आती जाती हैं। यही कॉमेडी और एक्शन का मेल फिल्म को खास बनाने की कोशिश करता है।
प्रीति जी जिंटा का दिखा अलग अंदाज
फिल्म में प्रीति जी जिंटा ‘मैडम एच’ के किरदार में नजर आएंगी। ट्रेलर में उनका किरदार दोनों दोस्तों को एक खतरनाक मिशन पर भेजता दिखाई देता है। प्रीति इस बार एक मजबूत और एक्शन से भरपूर अवतार में नजर आ रही हैं। फिल्म में वंशिका धीर, यशपाल शर्मा और दिनेश लाल यादव भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म का निर्माण कुणाल खेमू और चिराग निहलानी ने ड्रोंगो फिल्म्स के बैनर तले किया है।
‘वाइब’ में मिलेगा कॉमेडी, एक्शन और म्यूजिक का तड़का
कुणाल खेमू के मुताबिक, ‘वाइब’ का मकसद ऐसी एंटरटेनर फिल्म पेश करना है जिसे दर्शक परिवार और दोस्तों के साथ थिएटर में जाकर एंजॉय कर सकें। फिल्म में कॉमेडी, एक्शन, रोमांस और एनर्जेटिक म्यूजिक का मिश्रण देखने को मिलेगा। वहीं प्रोड्यूसर चिराग निहलानी ने इसे ड्रोंगो फिल्म्स के लिए बेहद खास प्रोजेक्ट बताया है, क्योंकि यह प्रोडक्शन हाउस की पहली फिल्म है। ‘वाइब’ 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।