Edited By Pardeep,Updated: 17 Jun, 2026 04:45 AM

फ्रांस के एवियन शहर में चल रहे G7 शिखर सम्मेलन के मंच से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसने न केवल कूटनीति के गलियारों में हलचल मचा दी है, बल्कि सोशल मीडिया पर भी धमाका कर दिया है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया...
इंटरनेशनल डेस्कः फ्रांस के एवियन शहर में चल रहे G7 शिखर सम्मेलन के मंच से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसने न केवल कूटनीति के गलियारों में हलचल मचा दी है, बल्कि सोशल मीडिया पर भी धमाका कर दिया है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बीच हुई एक अनौपचारिक मुलाकात ने एक बार फिर पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
'हम इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा मशहूर'
इस खास मुलाकात के दौरान इटली की पीएम मेलोनी बेहद खुश नजर आईं। उन्होंने मुस्कुराते हुए पीएम मोदी से कहा, "आपसे दोबारा मिलकर अच्छा लगा, आखिर हम इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा मशहूर जो हैं"। मेलोनी का इशारा उस 'मेलोडी मूमेंट' की ओर था जिसने हाल के दिनों में इंटरनेट पर तहलका मचा रखा है।
10 मिलियन लाइक्स और वो 'मेलोडी' टॉफी
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी 19-20 मई को जब इटली की आधिकारिक यात्रा पर गए थे, तब दोनों नेताओं के बीच एक बेहद हल्का-फुल्का और यादगार पल साझा हुआ था। उस समय पीएम मोदी ने मेलोनी को 'मेलोडी' टॉफी गिफ्ट में दी थी, जिसे मेलोनी ने अपना पसंदीदा उपहार बताया था। मेलोनी ने खुद इस मूमेंट का वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया था, जिसे अब तक 10 मिलियन (1 करोड़) से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं।
दोस्ती के साथ रिश्तों में भी आई 'मिठास'
यह मुलाकात सिर्फ हंसी-मजाक तक सीमित नहीं रही। पीएम मोदी के पिछले इटली दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिज (क्रिटिकल मिनरल्स) और स्वास्थ्य समेत करीब 15 अहम समझौतों पर मुहर लगी थी। इसके साथ ही, दोनों नेताओं ने वर्ष 2027 को भारत-इटली 'ईयर ऑफ कल्चर एंड टूरिज्म' के रूप में मनाने का बड़ा निर्णय भी लिया है।
फ्रांस में हुई इस ताजा मुलाकात के वीडियो ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि 'मेलोडी' का जादू न केवल कूटनीति में बल्कि डिजिटल दुनिया में भी सिर चढ़कर बोल रहा है।