Edited By Tanuja,Updated: 07 Apr, 2026 05:08 PM

अल जुबैल इंडस्ट्रियल सिटी पर ईरानी मिसाइल हमले से बड़ा आगजनी हादसा हुआ। यह इलाका सऊदी अरब की अर्थव्यवस्था का अहम केंद्र है, जहां सैकड़ों उद्योग और ऊर्जा संयंत्र स्थित हैं, जिससे वैश्विक बाजार पर असर पड़ सकता है।
International Desk: ईरान और सऊदी अरब के बीच बढ़ते तनाव के बीच एक बड़ा हमला सामने आया है। अमेरिका और इजराइल के हमलों के जवाब में पलटवार करते हुए ईरान की एक मिसाइल ने सीधे अल जुबैल इंडस्ट्रियल सिटी को निशाना बनाया, जिससे वहां भीषण आग लग गई। अल जुबैल सऊदी अरब का सबसे बड़ा औद्योगिक क्षेत्र माना जाता है। यह लगभग 1,000 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है और यहां 150 से ज्यादा बड़े औद्योगिक संयंत्र मौजूद हैं। यह क्षेत्र सऊदी की अर्थव्यवस्था के लिए बेहद अहम है और देश के GDP में लगभग 7% से 12% तक योगदान देता है।
यह इंडस्ट्रियल सिटी विदेशी निवेश का भी बड़ा केंद्र है, जहां कुल विदेशी निवेश का लगभग 50% हिस्सा आता है। यहां स्टील, एल्युमिनियम, खाद (फर्टिलाइज़र) और केमिकल इंडस्ट्री के बड़े-बड़े प्लांट्स स्थित हैं। ऊर्जा के लिहाज से भी यह क्षेत्र बेहद महत्वपूर्ण है। यहां रोजाना करीब 5 लाख से 7 लाख बैरल तेल की प्रोसेसिंग होती है और बड़े पावर प्लांट्स इस पूरे सिस्टम को सपोर्ट करते हैं। मिसाइल हमले के बाद लगी आग ने इन औद्योगिक इकाइयों और ऊर्जा ढांचे को खतरे में डाल दिया है। अगर नुकसान बड़ा हुआ, तो इसका असर सिर्फ सऊदी अरब ही नहीं, बल्कि वैश्विक तेल और उद्योग बाजार पर भी पड़ सकता है।