Edited By Parveen Kumar,Updated: 12 Feb, 2026 09:21 PM

बांग्लादेश के आम चुनाव 2026 के तहत विभिन्न संसदीय सीटों से अनौपचारिक नतीजे सामने आने लगे हैं। झेनाइदह-1 (शैलकुपा) सीट पर बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के प्रत्याशी एमडी असदुज्जमान ने शुरुआती रुझानों में स्पष्ट बढ़त हासिल करते हुए जीत दर्ज की है।...
नेशनल डेस्क : बांग्लादेश के आम चुनाव 2026 के तहत विभिन्न संसदीय सीटों से अनौपचारिक नतीजे सामने आने लगे हैं। झेनाइदह-1 (शैलकुपा) सीट पर बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के प्रत्याशी एमडी असदुज्जमान ने शुरुआती रुझानों में स्पष्ट बढ़त हासिल करते हुए जीत दर्ज की है। उन्होंने ‘धान की बालियां’ चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ा और कुल 1,71,598 मत प्राप्त किए।
उनके मुकाबले में जमात-ए-इस्लामी के उम्मीदवार अबू सालेह एमडी मतीउर रहमान थे, जो ‘तराजू’ चुनाव चिन्ह के साथ मैदान में उतरे थे। उन्हें 55,577 वोट मिले। रिटर्निंग ऑफिसर एमडी अब्दुल्ला अल मसूद ने गुरुवार शाम करीब 8 बजे से पहले इन अनौपचारिक परिणामों की घोषणा की। इस निर्वाचन क्षेत्र में कुल 3,25,278 पंजीकृत मतदाता हैं।
वहीं, कुरिग्राम-4 संसदीय सीट से भी बड़ी खबर सामने आई है। यहां बांग्लादेश जमात-ए-इस्लामी के उम्मीदवार मुस्तफिजुर रहमान ने अनौपचारिक रूप से जीत हासिल की है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए बढ़त बनाई है। हालांकि अंतिम और आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है।
गौरतलब है कि यह चुनाव खास महत्व रखता है, क्योंकि अवामी लीग सरकार के पतन के बाद पहली बार संसदीय चुनाव कराए जा रहे हैं। कई सीटों पर कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है और मतगणना की प्रक्रिया अब भी जारी है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन चुनावी नतीजों से देश की नई राजनीतिक दिशा तय हो सकती है।