Edited By Tanuja,Updated: 02 Apr, 2026 06:46 PM

अमेरिका में एक स्ट्रिपर के वायरल वीडियो ने खुलासा किया कि सैनिक नाइटक्लब में अपनी तैनाती की जानकारी साझा कर रहे हैं। यह सुरक्षा के लिहाज से खतरनाक माना जा रहा है। इसी बीच मिडिल ईस्ट में अमेरिकी सेना की तैनाती तेज हो रही है और ईरान युद्ध जारी है।
Washington: ईरान के साथ बढ़ते युद्ध के बीच अमेरिका में एक अजीब लेकिन गंभीर मामला सामने आया है। एक स्ट्रिपर और सोशल मीडिया स्टार @cgetsnakey का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह दावा करती है कि कई अमेरिकी सैनिक क्लब में आकर अपनी तैनाती की जानकारी साझा कर रहे हैं। वीडियो में उसने बताया कि सैनिकों ने खुद कहा-“हम अगले हफ्ते तैनाती पर जा रहे हैं।” इस बयान के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या अमेरिका ईरान में ग्राउंड ऑपरेशन की तैयारी कर रहा है। यह सब उस समय सामने आया है जब डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में मिडिल ईस्ट में सैन्य दबाव लगातार बढ़ रहा है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी मरीन और अन्य ग्राउंड यूनिट्स की गतिविधियां बढ़ी हैं, जिससे यह संकेत मिल रहे हैं कि जमीनी कार्रवाई (boots on the ground) की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, इस तरह की जानकारी सार्वजनिक जगहों पर साझा करना गंभीर सुरक्षा जोखिम माना जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि इससे सैन्य ऑपरेशन की गोपनीयता खतरे में पड़ सकती है।इस वीडियो पर सोशल मीडिया में मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली।
कुछ लोगों ने इसे मजाक में “heels on the ground journalism” और “boots on the ground reporting” कहा, जबकि कई यूजर्स ने चिंता जताई कि ऐसी जानकारी लीक होना खतरनाक हो सकता है। कुछ यूजर्स ने कमेंट में लिखा “क्या इससे पुष्टि होती है कि अमेरिका ईरान में सेना उतारने जा रहा है?” वहीं अन्य ने इसे “बहुत महत्वपूर्ण जर्नलिज्म” बताते हुए और जानकारी जुटाने की बात कही। कुल मिलाकर, यह घटना न सिर्फ सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी है, बल्कि इसने अमेरिका की सैन्य सुरक्षा और संभावित युद्ध रणनीति पर भी नए सवाल खड़े कर दिए हैं।