Edited By Tanuja,Updated: 12 May, 2026 03:59 PM

अमेरिका के आर्केडिया (Arcadia) शहर की मेयर आइलीन वांग (Eileen Wang) ने चीन के लिए अवैध एजेंट के तौर पर काम करने के आरोप स्वीकार करने पर सहमति जताई है। उन्होंने इस्तीफा दे दिया है और उन पर चीन समर्थक प्रचार फैलाने तथा अमेरिकी कानून का उल्लंघन करने का...
Washington: अमेरिका में चीन से जुड़े कथित प्रभाव नेटवर्क को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। आर्केडिया (Arcadia) शहर की मेयर आइलीन वांग (Eileen Wang) ने चीन सरकार के लिए अवैध एजेंट के रूप में काम करने के आरोप में दोष स्वीकार करने पर सहमति जताई है और अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
संघीय अधिकारियों के मुताबिक वांग पर आरोप है कि उन्होंने अमेरिकी सरकार को जानकारी दिए बिना चीन सरकार के हित में काम किया और बीजिंग समर्थक सामग्री का प्रचार किया। अमेरिकी कानून के अनुसार किसी विदेशी सरकार के एजेंट के तौर पर काम करने से पहले इसकी सूचना देना जरूरी होता है।
58 वर्षीय वांग नवंबर 2022 में सिटी काउंसिल के लिए चुनी गई थीं। बाद में उन्हें रोटेशन व्यवस्था के तहत मेयर बनाया गया।
जांच एजेंसियों के अनुसार वांग और उनके सहयोगी याओनिंग 'माइक' सन ( Yaoning 'Mike' Sun) ने 2020 से 2022 के बीच चीन सरकार के अधिकारियों के निर्देश पर काम किया। दोनों ने “US News Center” नाम की वेबसाइट चलाई, जो चीनी-अमेरिकी समुदाय को लक्षित करती थी। आरोप है कि इस वेबसाइट पर चीन समर्थक प्रचार सामग्री प्रकाशित की जाती थी। माइक सन पहले ही इसी मामले में दोष स्वीकार कर चुके हैं और उन्हें चार साल की सजा सुनाई गई है। वह वांग के 2022 चुनाव अभियान के ट्रेजरर भी थे। संपर्क अधिकारियों ने कहा कि वांग का संपर्क जॉन शेन (John Chen) से भी था, जिन्होंने चीन सरकार के एजेंट के तौर पर काम करने का जुर्म कबूल किया था और उन्हें 20 महीने की जेल हुई थी।
वांग के वकीलों Jason Liang और Brian Sun ने बयान जारी कर कहा कि उनकी मुवक्किल आरोपों की गंभीरता समझती हैं और अपनी “व्यक्तिगत गलतियों” की जिम्मेदारी लेती हैं। बयान में कहा गया, “उन्हें अपने फैसलों पर पछतावा है और उन्होंने माफी मांगी है। आर्केडिया समुदाय के प्रति उनका समर्पण कभी कम नहीं हुआ।” संघीय अधिकारियों के अनुसार यह अपराध गंभीर श्रेणी का है और दोष सिद्ध होने पर अधिकतम 10 साल तक की संघीय जेल हो सकती है। लॉस एंजिल्स की संघीय अदालत में वांग की पेशी होने वाली है और आने वाले हफ्तों में वह औपचारिक रूप से दोष स्वीकार कर सकती हैं। Arcadia लॉस एंजिलिस से लगभग 21 किलोमीटर दूर स्थित शहर है, जहां बड़ी संख्या में एशियाई और विशेष रूप से चीनी मूल के लोग रहते हैं।