Edited By Tanuja,Updated: 08 Jun, 2026 03:43 PM

दक्षिणी फिलीपीन के मिंडानाओ क्षेत्र में 7.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने लोगों में दहशत फैला दी। सोशल मीडिया पर सामने आए दिल दहला देने वाले वीडियो में इमारतें हिलती और लोग जान बचाने के लिए भागते नजर आए। भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई और...
International Desk: दक्षिणी फिलीपीन के मिंडानाओ क्षेत्र में सोमवार सुबह आए शक्तिशाली 8.1 तीव्रता के भूकंप ने भारी तबाही मचा दी। शुरुआती रिपोर्टों में किसी बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं हुई थी, लेकिन बाद में सामने आए आंकड़ों ने स्थिति की गंभीरता को उजागर कर दिया। अब तक कम से कम 19 लोगों की मौत और सैंकड़ों लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कई बहुमंजिला इमारतों को जोर-जोर से हिलते, दीवारों को गिरते और लोगों को जान बचाने के लिए सड़कों पर भागते देखा जा सकता है। कई स्थानों पर इमारतें पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गईं।
कुछ ही सेकंड में बदल गया सब कुछ
भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 7:37 बजे आया। इसका केंद्र मिंडानाओ द्वीप पर स्थित जनरल सैंटोस शहर के पास 10 किलोमीटर की गहराई में था। तेज झटकों ने पूरे क्षेत्र को हिला दिया और लोगों को घरों, दफ्तरों तथा स्कूलों से बाहर निकलने पर मजबूर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धरती इतनी जोर से कांपी कि कई लोग खड़े तक नहीं रह पाए। कुछ इलाकों में सड़कें फट गईं और कई पुरानी इमारतों में गंभीर दरारें पड़ गईं।
वीडियो देखकर कांप गई लोगों की रूह
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो इस प्राकृतिक आपदा की भयावहता को बयां कर रहे हैं। कहीं इमारतों से मलबा गिरता दिखाई दे रहा है तो कहीं लोग चीखते हुए खुले मैदानों की ओर भाग रहे हैं। कई वीडियो में दुकानों का सामान जमीन पर बिखरा नजर आ रहा है। राहत एजेंसियां अभी भी प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों की तलाश कर रही हैं। आशंका जताई जा रही है कि मलबे में दबे लोगों के मिलने के साथ हताहतों की संख्या बढ़ सकती है।
सुनामी की लहरों ने बढ़ाई दहशत
भूकंप के बाद तटीय क्षेत्रों में सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई। कुछ इलाकों में लगभग तीन फुट ऊंची लहरें दर्ज की गईं, जबकि शुरुआती चेतावनी में और बड़ी लहरों की आशंका जताई गई थी। तटीय क्षेत्रों में रहने वाले हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। प्रशासन ने लोगों को समुद्र तटों से दूर रहने की सलाह दी।फिलीपीन के राष्ट्रपति Bongbong Marcos ने लोगों से शांत रहने और सरकारी निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के आदेश दिए हैं। भूकंप के बाद कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जबकि संचार सेवाएं भी प्रभावित होने की खबरें सामने आईं।
कई देशों तक महसूस हुए झटके
भूकंप के झटके केवल फिलीपीन तक सीमित नहीं रहे। इंडोनेशिया के उत्तरी सुलावेसी और उत्तरी मलुकु क्षेत्रों में भी कंपन महसूस किया गया। इसके अलावा ताइवान, जापान, गुआम और पापुआ न्यू गिनी सहित प्रशांत क्षेत्र के कई देशों में निगरानी बढ़ा दी गई।