Edited By Parveen Kumar,Updated: 18 Jun, 2026 07:21 PM

स्कॉटलैंड के 22 वर्षीय अपराजित वेल्टरवेट बॉक्सर कॉलिन केर्नी का निधन हो गया है। थाईलैंड के फुकेट में हुए एक सड़क हादसे के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे और कोमा में चले गए थे। कई दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।
नेशनल डेस्क : स्कॉटलैंड के 22 वर्षीय अपराजित वेल्टरवेट बॉक्सर कॉलिन केर्नी का निधन हो गया है। थाईलैंड के फुकेट में हुए एक सड़क हादसे के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे और कोमा में चले गए थे। कई दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।
कॉलिन केर्नी अपने करियर में अब तक एक भी मुकाबला नहीं हारे थे। उन्होंने कुल 10 पेशेवर मुकाबले जीते थे, जिनमें से 6 जीत नॉकआउट के जरिए हासिल की थीं। उनकी गिनती स्कॉटलैंड के उभरते हुए बॉक्सिंग सितारों में की जाती थी।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा 14 जून की सुबह फुकेट के पातोंग इलाके में हुआ। कॉलिन एक पार्टी के बाद टुक-टुक (ऑटो रिक्शा) से अपने होटल लौट रहे थे। इसी दौरान उनका ड्राइवर के साथ किराए को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि कॉलिन के पास नकद पैसे नहीं थे, जिसके बाद दोनों के बीच इस बात पर सहमति बनी कि ड्राइवर उन्हें एटीएम तक ले जाएगा ताकि वह भुगतान कर सकें।
हालांकि, इसके बाद जो हुआ उसने सभी को हैरान कर दिया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर देखा जा सकता है कि ड्राइवर ने कॉलिन को वाहन से उतारा नहीं। सुबह करीब 4 बजे वाहन पातोंग की ओर वापस जा रहा था, तभी कॉलिन पीछे की ओर से सड़क पर गिर गए।
सड़क पर गिरने के दौरान उनका सिर जोर से टकराया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर वह कोमा में चले गए। इलाज के दौरान आखिरकार उनकी मौत हो गई।
इस मामले में थाईलैंड पुलिस ने टुक-टुक चालक को गिरफ्तार कर लिया है और घटना की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। कॉलिन केर्नी के निधन से बॉक्सिंग जगत में शोक की लहर है। महज 22 साल की उम्र में एक प्रतिभाशाली और अपराजित मुक्केबाज का इस तरह दुनिया को अलविदा कह जाना खेल जगत के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है।