Edited By Rohini Oberoi,Updated: 29 Jun, 2026 12:13 PM

मायानगरी मुंबई में मानसून ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। बीती दरमियानी रात मुंबई के उपनगरों में प्रलयंकारी बारिश हुई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के मुताबिक रात के समय महज चार घंटे के भीतर कई इलाकों में 100 मिलीमीटर (mm) से लेकर 160 mm...
Mumbai Heavy Rainfall : मायानगरी मुंबई में मानसून ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। बीती दरमियानी रात मुंबई के उपनगरों में प्रलयंकारी बारिश हुई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के मुताबिक रात के समय महज चार घंटे के भीतर कई इलाकों में 100 मिलीमीटर (mm) से लेकर 160 mm तक मूसलाधार बारिश दर्ज की गई। इस अचानक हुई भारी बारिश के कारण मुंबई के कई निचले इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया अंधेरी सबवे को बंद करना पड़ा और सुबह काम पर निकलने वाले नौकरीपेशा लोगों को भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के आंकड़ों के अनुसार पूर्वी उपनगर मुलुंड के वीणा नगर में 160.4 मिमी बारिश दर्ज की गई जबकि पश्चिमी उपनगर वर्सोवा में 156.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। अधिकारियों ने बताया कि उपनगरों में रात 12 बजे से सुबह चार बजे तक मूसलाधार बारिश हुई जिससे मुलुंड स्थित एलबीएस रोड और अंधेरी सबवे के कुछ हिस्सों में जलभराव हो गया और कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।

बीएमसी के स्वचालित मौसम केंद्रों के आंकड़ों के अनुसार पूर्वी उपनगरों में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई।
मानखुर्द के महाराष्ट्र नगर स्कूल में 123.4 मिमी बारिश हुई इसके बाद पवई के पसपोली नगर विद्यालय में 122 मिमी, मुलुंड के मिठागर नगर विद्यालय में 120.8 मिमी और एस वार्ड कार्यालय क्षेत्र में 120.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

वहीं अधिकारियों ने बताया कि पश्चिमी उपनगरों में वर्सोवा पंपिंग स्टेशन पर 121.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद मरोल दमकल केंद्र में 108.4 मिमी, ओशिवारा के प्रतीक्षा नगर नगर विद्यालय में 108 मिमी और अंधेरी के मालपा डोंगरी नगर विद्यालय में 104 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। शहर में मध्यम बारिश हुई।

यहां माटुंगा में सबसे अधिक 53.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई इसके बाद रावली कैंप में 46.72 मिमी, दादर दमकल केंद्र में 45.6 मिमी, मालाबार हिल में 37.2 मिमी और नायर अस्पताल क्षेत्र में 33.77 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।