Edited By Tanuja,Updated: 10 Mar, 2026 02:19 PM

कनाडा में स्कूल गोलीबारी में घायल छात्रा के परिवार ने ओपनएआई पर मुकदमा किया है। आरोप है कि हमलावर ने हमले की योजना बनाने के लिए चैटजीपीटी का इस्तेमाल किया और कंपनी को इसकी जानकारी होने के बावजूद पुलिस को समय पर सूचना नहीं दी। हमले में आठ लोगों की...
International Desk: कनाडा में स्कूल में हुई भीषण गोलीबारी के बाद एक नया कानूनी विवाद सामने आया है। गंभीर रूप से घायल छात्रा के माता-पिता ने एआई कंपनी OpenAI के खिलाफ दीवानी मुकदमा दायर किया है।मुकदमे में आरोप लगाया गया है कि हमलावर ने हमले की योजना बनाने के लिए एआई चैटबॉट ChatGPT का इस्तेमाल किया और कंपनी को इसकी जानकारी होने के बावजूद समय रहते पुलिस को सूचना नहीं दी।
यह घटना 10 फरवरी को कनाडा के Tumbler Ridge में हुई थी। हमलावर Jess Van Roostselaar ने गोलीबारी में आठ लोगों की हत्या कर दी और बाद में खुद भी आत्महत्या कर ली। ब्रिटिश कोलंबिया उच्चतम न्यायालय में दायर याचिका में कहा गया है कि कंपनी के पास यह “विशिष्ट जानकारी” थी कि हमलावर बड़े पैमाने पर हमला करने की योजना बना रहा है। मुकदमे के अनुसार हमलावर ने चैटबॉट को एक भरोसेमंद सहयोगी और सलाहकार की तरह इस्तेमाल किया, जिससे उसे योजना बनाने में मदद मिली। याचिका में कहा गया है कि छात्रा Maya Gebala को बेहद नजदीक से तीन गोलियां लगीं।
एक गोली उसके सिर में लगी, दूसरी गर्दन में और तीसरी गाल को छूते हुए निकल गई। इस हमले से उसे गंभीर मस्तिष्क चोट लगी है और डॉक्टरों के अनुसार उसे स्थायी मानसिक और शारीरिक अक्षमता का सामना करना पड़ सकता है। कंपनी के अनुसार हमलावर का Chatgpt खाता पहले बंद कर दिया गया था, लेकिन उसने नया खाता बनाकर प्रतिबंध से बचने की कोशिश की। बताया गया है कि गोलीबारी की घटना के बाद कंपनी ने पुलिस से संपर्क किया। इस मामले के बाद एआई तकनीक की जिम्मेदारी और सुरक्षा को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि अदालत में ये आरोप साबित होते हैं, तो भविष्य में एआई कंपनियों के लिए कड़े नियम लागू हो सकते हैं।