दुनिया में पहली बार: 'AI बॉस' ने इंसान को नौकरी से निकाला, 17 बार लेट आने पर लिया कड़ा एक्शन

Edited By Updated: 17 Aug, 2026 06:04 AM

for the first time in the world ai boss fires human from job

तकनीक की दुनिया से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां इतिहास में पहली बार एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मैनेजर ने किसी इंसान को नौकरी से बर्खास्त करने का फैसला सुनाया है।

सैन फ्रांसिस्को: तकनीक की दुनिया से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां इतिहास में पहली बार एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मैनेजर ने किसी इंसान को नौकरी से बर्खास्त करने का फैसला सुनाया है। अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में चल रहे एक प्रायोगिक स्टोर 'एंडन मार्केट' (Andon Market) की एआई बॉस 'लूना' (Luna) ने अपने एक कर्मचारी को लगातार लेट आने के चलते काम से निकाल दिया। यह कर्मचारी अपनी कुल 23 शिफ्टों में से 17 बार काम पर देरी से पहुंचा था।

खुद के बनाए नियम ही भूल गई थी 'लूना' 
दिलचस्प बात यह है कि नौकरी से निकालने का यह फैसला पूरी तरह से 'लूना' ने अपने आप नहीं लिया। दरअसल, इस एआई बॉस ने कुछ महीने पहले स्टोर के कर्मचारियों के लिए एक अटेंडेंस पॉलिसी (उपस्थिति नीति) बनाई थी, लेकिन बाद में वह खुद ही इस नीति को भूल गई। इसके चलते कर्मचारी कई महीनों तक लगातार लेट आता रहा और एआई ने कोई कार्रवाई नहीं की। बाद में जब इंसानी रिसर्चर्स ने एआई कंपनी 'एंडन लैब्स' (Andon Labs) के नियमों की याद दिलाई और 'लूना' को उसकी मेमोरी में जाकर पुरानी पॉलिसी खोजने का निर्देश दिया, तब 'लूना' ने कर्मचारी के काम की समीक्षा की और उसे हटाने की सिफारिश की, जिसे बाद में इंसानी स्टाफ ने अंतिम रूप दिया।

एआई बॉस को मिले थे 1 लाख डॉलर और क्रेडिट कार्ड 
'एंडन लैब्स' द्वारा संचालित यह अनोखा स्टोर इस बात का परीक्षण करने के लिए खोला गया है कि जब किसी एआई एजेंट को असल बिजनेस चलाने और इंसानी कर्मचारियों को मैनेज करने की जिम्मेदारी दी जाती है, तो क्या परिणाम निकलते हैं। कंपनी ने 'लूना' को शुरुआत में 1,00,000 डॉलर (लगभग 84 लाख रुपये), एक कॉर्पोरेट कार्ड, इंटरनेट एक्सेस और तीन साल की लीज पर एक दुकान दी थी। इसके बाद दुकान की ब्रांडिंग करने, उत्पाद चुनने, उनकी कीमत और दुकान का समय तय करने से लेकर कर्मचारियों को नौकरी पर रखने तक का सारा काम इसी एआई ने संभाला है।

दुकान पर बिक रही हैं किताबें और मोमबत्तियां, लेकिन अभी भी घाटे में 
इस अनोखे स्टोर के काउंटरों पर कई तरह के उत्पाद बेचे जाते हैं, जिनमें किताबें (जैसे निक बोस्ट्रोम की 'सुपरइंटेलिजेंस' और एल्डस हक्सले की 'ब्रेव न्यू वर्ल्ड'), मोमबत्तियां, कलाकृतियां, गेम और मर्चेंडाइज शामिल हैं। हालांकि, दुकान में लगातार बिक्री होने के बावजूद यह स्टोर अभी तक मुनाफे में नहीं आ पाया है। मार्च में 'लूना' के बैंक खाते में जहां 1,00,000 डॉलर थे, वहीं पांच महीने बाद यह राशि घटकर केवल 61,186 डॉलर रह गई है।

इंसानी लेबर रहेगा सबसे बड़ी बाधा: सीईओ 
एंडन लैब्स के सीईओ लुकास पीटरसन (Lukas Petersson) ने इस प्रयोग को भविष्य के कार्यस्थलों की एक झलक बताया है। उन्होंने कहा, "एआई बेहद शक्तिशाली हैं और बड़ा आर्थिक मूल्य पैदा कर सकते हैं, लेकिन वे शारीरिक श्रम (इंसानी लेबर) की बाधाओं से बंधे रहेंगे"। इसके साथ ही उन्होंने माना कि मौजूदा एआई सिस्टम नियम तो बना सकते हैं, लेकिन उन्हें लगातार याद रखने और लागू करने में अभी भी कमजोर हैं। कर्मचारी को हटाने पर उन्होंने कहा, "अगर कोई इंसानी बॉस होता तो वह इस कर्मचारी को बहुत पहले ही नौकरी से निकाल देता, इसलिए हमें नहीं लगता कि यह फैसला अनैतिक था"।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!