ईरान का आखिरी दांवः ट्रंप को भेजा नया ऑफर, कहा- 30 दिन में युद्ध खत्म कर देंगे...

Edited By Updated: 03 May, 2026 07:14 PM

iran presses for end to war within 30 days even as trump expresses doubts

ईरान ने अमेरिका को 14-सूत्रीय प्रस्ताव भेजकर 30 दिनों में युद्ध खत्म करने की बात कही है। इसमें प्रतिबंध हटाने, सेना हटाने और नाकेबंदी खत्म करने की मांग है। Donald Trump ने प्रस्ताव पर विचार किया, लेकिन समझौते को लेकर संदेह जताया है।

International Desk: ईरान ने अमेरिका को भेजे नवीनतम प्रस्ताव में दोनों देशों के बीच गतिरोध के लिए जिम्मेदार मुद्दों को 30 दिनों के भीतर सुलझाने का आह्वान किया है। उसने कहा कि इसका उद्देश्य युद्धविराम को बढ़ाने के बजाय युद्ध को समाप्त करना है। ईरानी सरकार से जुड़ी मीडिया ने यह खबर दी। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा कि वह युद्ध समाप्त करने के लिए ईरान के एक नए प्रस्ताव पर मंथन कर रहे हैं। लेकिन उन्होंने ईरान के साथ कोई समझौता होने की संभावना पर संदेह भी जताया। ईरान के सुरक्षा प्रतिष्ठानों से घनिष्ठ संबंध रखने वाली अर्ध-सरकारी 'नूर न्यूज एजेंसी'ने खबर दी कि खाड़ी देश की ओर से भेजे गए 14 सूत्री प्रस्ताव में युद्धविराम की अवधि बढ़ाने के बजाय युद्ध को समाप्त का आह्वान किया गया है।

 

उसने बताया कि अमेरिका की नौ सूत्री योजना के जवाब में दिए गए इस प्रस्ताव में अमेरिका से ईरान पर लगे प्रतिबंध हटाने, नौसैनिक नाकेबंदी समाप्त करने, क्षेत्र से सेना वापस बुलाने और लेबनान में इजराइल के सैन्य अभियानों सहित सभी प्रकार की शत्रुता समाप्त करने का आह्वान किया गया है। समाचार एजेंसी के मुताबिक ईरान ने पाकिस्तानी मध्यस्थ के जरिये अपना जवाब भेजा है। पाकिस्तान, ईरान और अमेरिका के बीच पहली सीधी वार्ता की मेजबानी कर चुका है। इस बीच, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने रविवार को ओमान के अपने समकक्ष बदर अल बुसैदी से बात की, जिन्होंने लड़ाई के नवीनतम दौर से पहले अमेरिका-ईरान वार्ता में पर्यवेक्षक की भूमिका निभाई थी। अमेरिकी राष्ट्रपति ने होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की एक नई योजना पेश की है, जहां से दुनिया के तेल और प्राकृतिक गैस व्यापार का लगभग पांचवां हिस्सा आमतौर पर गुजरता है।

 

ईरानी संसद के उपाध्यक्ष अली निकजाद ने रविवार को कहा कि ईरान ''होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपने रुख से पीछे नहीं हटेगा और युद्ध-पूर्व की स्थिति में वापस नहीं लौटेगा।'' उन्होंने कहा, ''होर्मुज जलडमरूमध्य इस्लामिक गणराज्य ईरान का है।'' निकजाद ने कहा कि देश युद्ध के दौरान क्षतिग्रस्त हुए व्यवसायों और संपत्ति की भरपाई के लिए काम कर रहा है, और ट्रंप की नाकेबंदी योजना निश्चित रूप से विफल होगी। नॉर्वे की नोबेल समिति ने ईरान से आग्रह किया कि जेल में बंद नोबेल शांति पुरस्कार विजेता नरगिस मोहम्मदी को उनकी बिगड़ती सेहत के मद्देनजर तत्काल तेहरान में चिकित्सा उपचार के लिए स्थानांतरित किया जाए। समिति ने कहा कि वह मोहम्मदी के परिवार और वकील के संपर्क में है। उपचार के बिना 2023 की पुरस्कार विजेता का जीवन खतरे में है। मोहम्मदी शुक्रवार को उत्तर पश्चिमी शहर ज़ंजन की जेल में दो बार बेहोश हो गई थीं। उनके फाउंडेशन के मुताबिक उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। मोहम्मदी के वकीलों ने कहा है कि माना जा रहा है कि उन्हें मार्च के अंत में दिल का दौरा पड़ा था। 

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!