होर्मुज स्ट्रेट बंद रहेगा, हर मौत का बदला लिया जाएगा: ईरानी सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई की US-इजराइल को दो टूक

Edited By Updated: 13 Mar, 2026 12:07 AM

iran s supreme leader mojtaba khamenei bluntly tells uas israel

मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच मोजतबा खामेनेई ने अमेरिका और इजराइल को कड़ा संदेश दिया है।

इंटरनेशनल डेस्कः मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच मोजतबा खामेनेई ने अमेरिका और इजराइल को कड़ा संदेश दिया है। ईरान के नए सुप्रीम लीडर ने साफ कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज  बंद रहेगा और ईरान अपने नागरिकों की हर मौत का बदला लेगा। उन्होंने कहा कि ईरान किसी भी शहादत को नहीं भूलेगा और देश के लोगों के खून का बदला जरूर लिया जाएगा। खामेनेई ने यह भी कहा कि बच्चों और आम नागरिकों की मौत को लेकर ईरान बेहद आक्रोशित है और इसका जवाब दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने पड़ोसी देशों से अपील की कि वे अपनी जमीन से अमेरिकी सैन्य ठिकानों को हटाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि मिडिल ईस्ट में मौजूद सभी अमेरिकी ठिकाने ईरान के निशाने पर हैं।

मिनाब के शहीदों का जिक्र, ईरानी सेना की सराहना

खामेनेई ने अपने बयान में Minab के शहीदों का जिक्र करते हुए कहा कि ईरान अपने शहीदों के खून का बदला जरूर लेगा। उन्होंने ईरानी सेना की तारीफ करते हुए कहा कि सेना मजबूती से देश की रक्षा कर रही है और दुश्मनों के हमलों का मुंहतोड़ जवाब दे रही है। अमेरिका और इजराइल के हमलों में मारे गए लोगों के परिवारों को संबोधित करते हुए उन्होंने उनके लिए सब्र और धैर्य की दुआ की और भरोसा दिलाया कि हर ईरानी शहीद के खून का बदला लिया जाएगा।

पड़ोसी देशों पर नहीं, अमेरिकी ठिकानों पर हमले

खामेनेई ने कहा कि ईरान अपने पड़ोसी देशों के साथ अच्छे रिश्ते चाहता है और उसने किसी पड़ोसी देश पर हमला नहीं किया है। उन्होंने कहा कि ईरान ने उन देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है, क्योंकि वहीं से ईरान पर हमले किए जा रहे थे। उनका कहना था कि ईरान दुश्मन से हुए नुकसान की भरपाई भी करेगा।

नुकसान की भरपाई नहीं हुई तो दुश्मन की संपत्ति पर कब्जा

ईरान के सुप्रीम लीडर ने चेतावनी दी कि अगर दुश्मन ईरान को हुए नुकसान की भरपाई नहीं करता है तो ईरान जरूरत पड़ने पर दुश्मन की संपत्ति पर कब्जा कर सकता है। उन्होंने कहा कि अगर यह संभव नहीं हुआ तो ईरान उतनी ही मात्रा में दुश्मन की संपत्ति को तबाह भी कर सकता है।

रेजिस्टेंस फ्रंट और हिजबुल्लाह का किया धन्यवाद

खामेनेई ने मिडिल ईस्ट में ईरान का समर्थन करने वाले रेजिस्टेंस फ्रंट के लड़ाकों का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि ईरान इन देशों और संगठनों को अपना सबसे अच्छा दोस्त मानता है। उन्होंने विशेष रूप से हिज़्बुल्लाह का जिक्र करते हुए कहा कि तमाम मुश्किलों के बावजूद हिजबुल्लाह ईरान की मदद के लिए आगे आया है। साथ ही उन्होंने इराकी रेजिस्टेंस ग्रुप्स की भी सराहना की और कहा कि वे भी मजबूती से उसी रास्ते पर आगे बढ़ रहे हैं।

सुप्रीम लीडर बनने के बाद पहला बयान

गौरतलब है कि अमेरिका और इजराइल के साथ जारी युद्ध के बीच सुप्रीम लीडर का पद संभालने के बाद मोजतबा खामेनेई का यह पहला सार्वजनिक बयान है। यह बयान ईरान के सरकारी टेलीविजन पर पढ़कर सुनाया गया, हालांकि खामेनेई इस दौरान कैमरे पर नजर नहीं आए। विशेषज्ञों का मानना है कि इस बयान से मिडिल ईस्ट में तनाव और बढ़ सकता है, खासकर तब जब होर्मुज स्ट्रेट के बंद रहने की चेतावनी से वैश्विक तेल आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर बड़ा असर पड़ सकता है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!