Edited By Pardeep,Updated: 27 May, 2026 05:19 AM

इजरायल और हमास के बीच जारी तनाव के बीच गाजा सिटी एक बार फिर जोरदार धमाकों से थर्रा उठी है। युद्धविराम के बावजूद इजरायली वायुसेना ने गाजा सिटी के सबसे व्यस्त बाजार इलाके में एक आवासीय इमारत को निशाना बनाकर भीषण हमला किया है।
इंटरनेशनल डेस्कः इजरायल और हमास के बीच जारी तनाव के बीच गाजा सिटी एक बार फिर जोरदार धमाकों से थर्रा उठी है। युद्धविराम के बावजूद इजरायली वायुसेना ने गाजा सिटी के सबसे व्यस्त बाजार इलाके में एक आवासीय इमारत को निशाना बनाकर भीषण हमला किया है। इस हमले में कम से कम 3 फिलिस्तीनियों की मौत हो गई और दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
निशाने पर था '7 अक्टूबर का मास्टरमाइंड'
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने पुष्टि की है कि इस हमले का मुख्य उद्देश्य हमास की सशस्त्र शाखा के कमांडर मोहम्मद ओदेह को खत्म करना था। इजरायल ओदेह को 7 अक्टूबर 2023 के नरसंहार के मुख्य 'वास्तुकारों' (Architects) में से एक मानता है, जो कई इजरायली नागरिकों और सैनिकों की हत्या और अपहरण के लिए जिम्मेदार था। गौरतलब है कि इससे पहले मई में ओदेह के पूर्ववर्ती कमांडर इज्ज अद-दीन अल-हद्दाद को भी इसी तरह के हमले में मार गिराया गया था।
ईद की खुशियों के बीच मातम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हमला उस समय हुआ जब मुस्लिम त्योहार ईद-उल-अजहा से ठीक पहले बाजार में खरीदारी के लिए भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। चश्मदीदों ने बताया कि मध्य गाजा सिटी की 'अल-कायाली' इमारत पर एक साथ 5 मिसाइलें दागी गईं, जिससे ऊपरी तीन मंजिलें पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गई। घटनास्थल पर पहुंची बचाव टीमों को मलबे और भीड़ के कारण घायलों तक पहुंचने में भारी मशक्कत करनी पड़ी।
युद्धविराम के बीच 'खूनी खेल'
हैरानी की बात यह है कि यह घातक हमला तब हुआ है जब 10 अक्टूबर से गाजा में युद्धविराम (Ceasefire) लागू है। हमास ने इजरायल पर युद्धविराम की शर्तों के उल्लंघन और नागरिकों को निशाना बनाने का बार-बार आरोप लगाया है। आंकड़ों के अनुसार, युद्धविराम के दौरान ही इजरायली हमलों में 800 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। दूसरी ओर, इजरायल का कहना है कि उसके पास हमास के सदस्यों को निशाना बनाने का लाइसेंस है और वह 7 अक्टूबर के नरसंहार में शामिल किसी भी व्यक्ति को नहीं छोड़ेगा।
शांति वार्ता पर संकट के बादल
गाजा में शांति बहाली के लिए अमेरिका के नेतृत्व वाली शांति योजना फिलहाल अधर में लटकी हुई है। जनवरी में शुरू हुई इस योजना का दूसरा चरण अब तक लागू नहीं हो सका है, क्योंकि फरवरी में ईरान के साथ शुरू हुए युद्ध के बाद से प्रगति पूरी तरह रुक गई है। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार इस पूरे संघर्ष में अब तक 72,744 से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।