किम जोंग उन की परमाणु-सक्षम नौसेना बनाने की तैयारी तेज, नए विध्वंसक 'कांग कोन' से किया हथियारों का परीक्षण

Edited By Updated: 05 Jul, 2026 12:19 PM

kim jong un oversees nuclear capable missile tests from newly repaired warship

उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने नए 5,000 टन वजनी युद्धपोत 'कांग कोन' से परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम क्रूज मिसाइल और अन्य हथियारों के परीक्षण का निरीक्षण किया। यह उत्तर कोरिया की परमाणु-सक्षम नौसेना बनाने की रणनीति का हिस्सा है और क्षेत्रीय...

International Desk: उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने नए 5,000 टन वजनी विध्वंसक पोत 'कांग कोन' पर लगी परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम क्रूज मिसाइल और अन्य हथियारों के परीक्षण का निरीक्षण किया। सरकारी मीडिया ने रविवार को यह जानकारी दी। 'कांग कोन' पिछले साल जलावतरण समारोह के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया था और बाद में इसकी मरम्मत की गई। यह परीक्षण परमाणु हथियारों से लैस नौसेना बनाने की किम की योजना के तहत किया गया उत्तर कोरिया का नवीनतम सैन्य शक्ति प्रदर्शन है। सरकारी समाचार एजेंसी 'कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी' (केसीएनए) ने बताया कि शुक्रवार को हुए कार्यक्रम में एक रणनीतिक क्रूज मिसाइल, 'कांग कोन' की मुख्य तोप और स्वचालित तोपों का परीक्षण किया गया।

 

इसके अलावा पोत की इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणालियों का परीक्षण और लक्ष्य का पता लगाने एवं सूचनाओं का विश्लेषण करने की उसकी क्षमताओं का आकलन भी किया गया। सरकारी समाचार एजेंसी ने बताया कि किम ने तट से इन परीक्षणों का निरीक्षण करने के बाद अधिकारियों को विध्वंसक पोत के परीक्षण पूरे कर उसे दो महीने के भीतर सेवा में शामिल किए जाने का निर्देश दिया। ये परीक्षण उत्तर कोरिया द्वारा जून के अंत में अपने पहले 5,000 टन वजनी विध्वंसक पोत 'चोए ह्योन' को नौसेना में शामिल किए जाने के बाद किए गए हैं। किम ने इस अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में कहा कि उनकी नौसेना को परमाणु हथियारों से लैस करने की प्रक्रिया योजना के अनुसार आगे बढ़ रही है। कई वर्षों तक बैलिस्टिक मिसाइलों के विकास को प्राथमिकता देने के बाद किम अब परमाणु ऊर्जा से संचालित पनडुब्बी के निर्माण समेत नौसैनिक क्षमताओं के विस्तार पर अधिक ध्यान दे रहे हैं।

 

'कांग कोन' का 'चोए ह्योन' के एक महीने बाद मई 2025 में अनावरण किया गया था, लेकिन उत्तरी बंदरगाह चोंगजिन में जलावतरण की असफल कोशिश के दौरान यह क्षतिग्रस्त हो गया था। इस घटना पर किम ने कड़ी नाराजगी जताई थी। उत्तर कोरिया ने बाद में कहा था कि पोत को मरम्मत के बाद जून में फिर से पानी में उतार दिया गया लेकिन विदेशी विशेषज्ञों ने इस बात पर संदेह जताया है कि क्या यह सक्रिय सेवा के लिए वास्तव में तैयार है। किम ने अगले पांच वर्ष में हर साल दो नए 5,000 टन वजनी युद्धपोत बनाने और 10,000 टन वजनी एक बड़े विध्वंसक पोत को विकसित करने का भी आह्वान किया है।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!