Edited By Tanuja,Updated: 15 Oct, 2026 02:37 PM

उत्तर कोरिया ने अपने पूर्वी समुद्री क्षेत्र में दो तरह की मिसाइलों के परीक्षण का दावा किया है, जिनमें पनडुब्बियों से दागी जाने वाली क्रूज मिसाइलें शामिल हैं। सरकारी मीडिया के अनुसार, मकसद नौसेना की क्षमता और परमाणु प्रतिरोधक व्यवस्था मजबूत करना है।...
Pyongyang: उत्तर कोरिया ने कहा है कि उसने पनडुब्बियों से दागी जाने वाली क्रूज मिसाइलों का परीक्षण किया है। अमेरिका और दक्षिण कोरिया के साथ कूटनीतिक बातचीत लंबे समय से ठप रहने के बीच उत्तर कोरिया अपनी सैन्य क्षमताओं का लगातार विस्तार कर रहा है। उत्तर कोरिया के सरकारी मीडिया ने बृहस्पतिवार को बताया कि देश की सेना ने बुधवार को अपने पूर्वी समुद्री क्षेत्र में दो तरह की मिसाइलों का परीक्षण किया। खबर में इन हथियारों को सामरिक बताया गया जिससे संकेत मिलता है कि इन्हें परमाणु हथियारों से लैस करने का इरादा है।
हालांकि, इसमें यह स्पष्ट नहीं किया गया कि मिसाइलें वास्तव में किसी पनडुब्बी से दागी गईं या पानी के भीतर मौजूद किसी परीक्षण मंच से। उत्तर कोरिया की सरकारी मीडिया के अनुसार, इन परीक्षणों का उद्देश्य पानी के भीतर युद्धक प्रणालियों की देश की तैयारी का आकलन करना, सामरिक अभियानों को अंजाम देने की नौसेना की क्षमता बढ़ाना और उसके परमाणु प्रतिरोधक तंत्र की विश्वसनीयता प्रदर्शित करना था।
दक्षिण कोरिया की सेना ने इन परीक्षणों पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की। उत्तर कोरिया ने हाल के दिनों में कई हथियार परीक्षण किए हैं। इससे पहले उत्तर कोरिया ने 20 सितंबर और तीन अक्टूबर को अलग-अलग हाइपरसोनिक मिसाइल प्रणालियों का परीक्षण किया था। उत्तर कोरिया ने कहा था कि इन परीक्षणों का उद्देश्य ऐसे हथियारों का जखीरा तैयार करना है, जो दक्षिण कोरिया और जापान की मिसाइल रक्षा प्रणालियों को भेदने में सक्षम हो।