यूक्रेन पर रूस ने दागीं दर्जनों मिसाइलें; हमले में 18 लोगों की मौत, 100 से अधिक घायल

Edited By Updated: 03 Jun, 2026 01:35 AM

russia fired dozens of missiles at ukraine

रूस ने बीती रात यूक्रेन के कीव और दूसरे शहरों पर सैकड़ों ड्रोन व दर्जनों मिसाइलों से हमला किया, जिसमें कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई और 131 व्यक्ति घायल हो गए। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने हाल के हफ्तों...

कीवः रूस ने बीती रात यूक्रेन के कीव और दूसरे शहरों पर सैकड़ों ड्रोन व दर्जनों मिसाइलों से हमला किया, जिसमें कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई और 131 व्यक्ति घायल हो गए। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने हाल के हफ्तों में मॉस्को के हवाई हमलों का अभियान तेज करने का आदेश दिया है। माना जा रहा है कि इसका उद्देश्य यूक्रेन में अमेरिकी निर्मित वायु रक्षा प्रणालियों की कमी का फायदा उठाना और रूस में बढ़ती निराशा के बीच लोगों को यह विश्वास दिलाना है कि चार साल से जारी युद्ध में देश बढ़त बना रहा है।

अधिकारियों के अनुसार, मध्य यूक्रेन के शहर ड्नीप्रो में अपार्टमेंट इमारतों के मलबे में खोजबीन कर रही आपातकालीन बचाव टीमों ने तीन वर्षीय बच्चे, एक महिला और उसके आठ वर्षीय बेटे के शव बरामद किए। हमले सुबह होने के बाद तक जारी रहे और विभिन्न शहरों में धमाकों की गूंज सुनाई देती रही। अधिकारियों ने बताया कि ड्नीप्रो में 12 लोगों और कीव में छह लोगों की मौत हुई है। रूस की ओर से बड़े हवाई हमले की चेतावनी दिए जाने और विदेशी राजनयिकों को यूक्रेन की राजधानी कीव छोड़ने की सलाह दिए जाने के बाद से शहर के निवासी कई दिन से चिंतित थे। हालांकि किसी भी राजनयिक ने इस चेतावनी पर ध्यान नहीं दिया।

हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा, "रूस के इस व्यापक हमले से स्पष्ट संदेश मिला है कि यदि यूक्रेन को बैलिस्टिक और अन्य मिसाइल हमलों से सुरक्षा नहीं दी गई, तो ये हमले जारी रहेंगे।" उन्होंने अमेरिका और यूरोपीय देशों से अधिक समर्थन की अपील की। रूस की रणनीति यूक्रेन में अमेरिका निर्मित पैट्रियट मिसाइलों की कमी का फायदा उठाने की है। ईरान युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय भंडार भी कम हो गए हैं। इसकी वजह से रूसी बैलिस्टिक मिसाइल हमलों से लोगों का बचाव मुश्किल हो गया है, हालांकि यूक्रेनी वायु रक्षा प्रणाली अधिकांश ड्रोन हमलों को विफल कर रही है।

यूक्रेनी वायु सेना के अनुसार रूस ने पूरे यूक्रेन में 73 मिसाइलें और 656 ड्रोन दागे। मुख्य लक्ष्य कीव, मध्य यूक्रेन का ड्नीप्रो शहर और पूर्वी शहर पोल्टावा, खार्किव तथा जापोरिज्जिया थे। यूक्रेनी वायु रक्षा बलों ने 40 मिसाइलों और 602 ड्रोन को नष्ट या निष्क्रिय कर दिया। रूस के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि सेना ने कीव, जापोरिज्जिया, खार्किव, ड्नीप्रोपेत्रोव्स्क, पोल्टावा, खमेल्नित्स्की और सूमी क्षेत्रों में सैन्य-औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर लंबी दूरी के सटीक हथियारों से "व्यापक" हमला किया। पुतिन ने संकेत दिया कि रूस हमले नहीं रोकेगा।

उन्होंने मंगलवार को कहा कि 22 मई को रूस के नियंत्रण वाले लुहान्स्क क्षेत्र के स्टारोबिल्स्क में एक कॉलेज छात्रावास पर यूक्रेन के ड्रोन हमले ने युद्ध को "पूरी तरह नया आयाम" दे दिया है। उस हमले में 21 लोग मारे गए थे। यूक्रेन का कहना है कि उसने स्टारोबिल्स्क में रूसी ड्रोन पायलट प्रशिक्षण केंद्र को निशाना बनाया था। एपी जोहेब माधव

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!