Edited By Tanuja,Updated: 19 Jul, 2026 04:45 PM

यमन के मुकल्ला बंदरगाह से रवाना हुए तंजानियाई ध्वज वाले तेल टैंकर एमटी असाना का संदिग्ध सोमाली समुद्री डाकुओं ने अपहरण कर लिया। जहाज को सोमालिया के पंटलैंड तट के पास ले जाया गया है। घटना ने लाल सागर और अदन की खाड़ी में समुद्री सुरक्षा को लेकर नई...
International Desk: यमन के तट के निकट एक तंजानिया के ध्वज वाले तेल टैंकर के संदिग्ध सोमाली समुद्री डाकुओं द्वारा अपहरण किए जाने की खबर सामने आई है। सुरक्षा सूत्रों और स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, घटना के बाद टैंकर को सोमालिया के अर्ध-स्वायत्त पंटलैंड क्षेत्र के बारी (Bari) तट के पास ले जाया गया है। इस घटना ने एक बार फिर अदन की खाड़ी और हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
जानकारी के अनुसार, सामान्य श्रेणी का तेल टैंकर 'एमटी असाना (MT Asana)' शुक्रवार को यमन के मुकल्ला (Mukalla) बंदरगाह से रवाना हुआ था। यात्रा शुरू होने के कुछ समय बाद ही संदिग्ध सोमाली समुद्री डाकुओं ने जहाज पर कब्जा कर लिया। सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, अपहरण के बाद टैंकर को सोमालिया के पंटलैंड प्रांत के कालूला (Caluula) तट के समीप समुद्र में ले जाकर रोक दिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लगभग सात हथियारबंद सोमाली समुद्री डाकुओं ने इस अपहरण को अंजाम दिया। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि टैंकर पर चालक दल के कितने सदस्य मौजूद थे और घटना के दौरान कोई घायल हुआ या नहीं।
चालक दल की राष्ट्रीयता और जहाज में मौजूद तेल की मात्रा के बारे में भी फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। अब तक सोमालिया, तंजानिया या संबंधित समुद्री सुरक्षा एजेंसियों की ओर से इस घटना पर विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं, जहाज के मालिक और प्रबंधन कंपनी ने भी घटना पर सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। बता दें कि पिछले कुछ महीनों में लाल सागर, अदन की खाड़ी और सोमालिया के तटीय क्षेत्रों में समुद्री सुरक्षा चुनौतियां बढ़ी हैं। अंतरराष्ट्रीय नौसेना की गश्त के बावजूद समुद्री डाकुओं की गतिविधियों में फिर से बढ़ोतरी देखी जा रही है।