Edited By Tanuja,Updated: 12 Jul, 2026 12:04 PM

होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ते तनाव के बीच ईरान के हमले की चपेट में आए साइप्रस के ध्वज वाले एक कंटेनर पोत में आग लग गई। स्थिति बिगड़ने पर चालक दल को जहाज छोड़ना पड़ा, जबकि एक असैन्य नाविक अब भी लापता बताया जा रहा है।
International Desk: पश्चिम एशिया में जारी सैन्य तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में एक बड़ा समुद्री हादसा सामने आया है। ब्रिटिश सेना की निगरानी में काम करने वाले यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) के अनुसार, ईरान के हमले की चपेट में आए साइप्रस के ध्वज वाले कंटेनर पोत में आग लगने के बाद चालक दल को जहाज छोड़ना पड़ा।
बताया गया कि यह पोत ओमान के समुद्री तट के पास उस वैकल्पिक मार्ग से गुजर रहा था, जिसका इस्तेमाल जहाज ईरानी जलक्षेत्र से बचते हुए फारस की खाड़ी में आने-जाने के लिए कर रहे हैं। हमले के बाद जहाज के अंदर भीषण आग लग गई, जिससे स्थिति बेहद गंभीर हो गई। उधर, यूएस सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने पुष्टि की कि हमले में कंटेनर पोत के इंजन कक्ष को भारी नुकसान पहुंचा है। साथ ही चालक दल का एक असैन्य सदस्य लापता है, जिसकी तलाश जारी है।
यह घटना ऐसे समय हुई है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव चरम पर है और होर्मुज जलडमरूमध्य में लगातार सैन्य गतिविधियां बढ़ रही हैं। दुनिया के तेल व्यापार का बड़ा हिस्सा इसी समुद्री मार्ग से गुजरता है, इसलिए इस तरह के हमले वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय शिपिंग के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गए हैं।