Edited By Pardeep,Updated: 20 Jun, 2026 06:02 AM

ईरान से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मशहूर सिंगर परस्तू अहमदी (Parastoo Ahmadi) को उनकी एक परफॉर्मेंस के लिए बेहद अमानवीय सजा सुनाई गई है। ईरान की एक अदालत ने सिंगर और उनके साथ काम करने वाले 8 अन्य लोगों को 74-74 कोड़े मारने का आदेश दिया...
इंटरनेशनल डेस्कः ईरान से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मशहूर सिंगर परस्तू अहमदी (Parastoo Ahmadi) को उनकी एक परफॉर्मेंस के लिए बेहद अमानवीय सजा सुनाई गई है। ईरान की एक अदालत ने सिंगर और उनके साथ काम करने वाले 8 अन्य लोगों को 74-74 कोड़े मारने का आदेश दिया है।
अश्लीलता फैलाने का लगा आरोप
ईरान के कोम प्रांत की अदालत ने सिंगर परस्तू अहमदी को 'अश्लील कंटेंट' पब्लिश करने का दोषी पाया है। कोड़ों की सजा के साथ-साथ, उन पर अगले 2 साल तक देश छोड़ने और किसी भी तरह की आर्टिस्टिक एक्टिविटी (कलात्मक गतिविधि) में शामिल होने पर भी रोक लगा दी गई है।
क्या था पूरा मामला?
यह विवाद दिसंबर 2024 में शुरू हुआ, जब परस्तू ने यूट्यूब पर एक लाइव कॉन्सर्ट किया था। इस कॉन्सर्ट में उन्होंने ईरान का मशहूर देशभक्ति गीत 'अज खूने जवानाने वतन' गाया था। परफॉर्मेंस के दौरान उन्होंने हिजाब की जगह स्लीवलेस ड्रेस पहनी हुई थी। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और इसे लाखों लोगों ने देखा, जिसके बाद ईरानी प्रशासन ने उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की।
मानवाधिकार संगठनों ने जताई चिंता
इस सजा के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान की आलोचना हो रही है। 'सेंटर फॉर ह्यूमन राइट्स इन ईरान' की डायरेक्टर बहार गंदेहारी ने कहा कि यह सजा याद दिलाती है कि ईरान में मानवाधिकारों की स्थिति रत्ती भर भी नहीं बदली है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी छवि सुधारने के लिए प्रोपेगैंडा तो चला रही है, लेकिन असलियत में कलाकारों पर जुल्म जारी है।
'महिलाओं के खिलाफ खुली जंग'
पेंसिलवेनिया यूनिवर्सिटी की प्रोफेसर फातेमा शम्स ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे 'महिलाओं के खिलाफ चल रही खुली जंग' करार दिया है। उन्होंने कहा कि जो लोग इस हिंसा के खिलाफ आवाज नहीं उठाते, वे न्याय के प्रति वफादार नहीं हैं।