Edited By Tanuja,Updated: 10 Jul, 2026 03:19 PM

दक्षिणी स्पेन के अल्मेरिया प्रांत में भीषण जंगल की आग में 12 लोगों की मौत हो गई। कई शव जले हुए वाहनों के अंदर मिले। करीब 150 दमकलकर्मी आग बुझाने में जुटे हैं। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, जबकि सैन्य आपातकालीन इकाई भी राहत अभियान में...
International Desk: स्पेन के दक्षिणी अल्मेरिया प्रांत में जंगल में लगी भीषण आग ने बड़ा हादसा पैदा कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, इस आग में 12 लोगों की मौत हो गई है। बढ़ते तापमान और शुष्क मौसम के बीच लगी इस आग ने देखते ही देखते बड़े इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, कई पीड़ितों के शव जले हुए वाहनों के अंदर मिले हैं। माना जा रहा है कि आग तेजी से फैलने के कारण वे सुरक्षित स्थान तक नहीं पहुंच सके।
आग पर काबू पाने के लिए करीब 150 दमकलकर्मी लगातार राहत एवं बचाव अभियान चला रहे हैं। आग की तीव्रता को देखते हुए स्पेन की सैन्य आपातकालीन इकाई को भी अभियान में शामिल किया जा रहा है। अधिकारियों ने फिलहाल आग लगने के कारणों की पुष्टि नहीं की है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है और प्रभावित क्षेत्र की निगरानी की जा रही है। क्षेत्रीय प्रशासन ने इसे अल्मेरिया में अब तक की सबसे घातक जंगल की आग की घटनाओं में से एक बताया है। बढ़ती गर्मी और सूखे हालात के कारण स्पेन के कई हिस्सों में जंगल की आग का खतरा लगातार बढ़ रहा है।