Edited By Tanuja,Updated: 02 Aug, 2026 03:20 PM

मध्य पूर्व में बढ़ते युद्ध के खतरे के बीच अमेरिका ने 10 देशों में अपने नागरिकों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर वहां से निकलने की सलाह दी है। उधर, ईरान ने भी संभावित अमेरिकी और इजरायली हमलों के जवाब में व्यापक सैन्य कार्रवाई की तैयारी का दावा किया...
Washington: कुछ दिनों की शांति के बाद अमेरिका और ईरान के बीच फिर से हवाई हमलों का दौर शुरू हो गया है। वहीं, यमन के हूती विद्रोहियों के सक्रिय होने से लाल सागर क्षेत्र में भी नया तनाव पैदा हो गया है। मध्य पूर्व में अमेरिका, ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए नई सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। क्षेत्र के 10 देशों में स्थित अमेरिकी दूतावासों ने नागरिकों से कहा है कि वे हालात पर लगातार नजर रखें और जरूरत पड़ने पर तुरंत वहां से निकलने के लिए तैयार रहें।
अमेरिकी दूतावासों ने इजरायल, जॉर्डन, इराक, मिस्र, बहरीन, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), कतर, सऊदी अरब, कुवैत, लेबनान और ओमान समेत कई देशों में रह रहे अमेरिकी नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। दूतावासों ने कहा कि क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति बेहद जटिल बनी हुई है और किसी भी समय तनाव और बढ़ सकता है। इसलिए नागरिकों को वहां से निकलने पर विचार करने या जरूरत पड़ने पर तुरंत रवाना होने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
यात्रा को लेकर भी चेतावनी
अमेरिका ने अपने नागरिकों को यह भी सलाह दी है कि वे फिलहाल मध्य पूर्व की यात्रा करने या वहां से होकर गुजरने से बचें। साथ ही उड़ानों के रद्द होने, हवाई क्षेत्र बंद होने और यात्रा में बाधाओं के लिए पहले से तैयार रहने को कहा गया है। इसी बीच ईरान की तस्नीम न्यूज एजेंसी ने दावा किया है कि ईरान ने संभावित अमेरिकी या इजरायली हमलों का जवाब देने के लिए व्यापक सैन्य योजना तैयार कर ली है। रिपोर्ट के अनुसार, यदि ईरान पर हमला होता है तो वह इजरायल के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे और मध्य पूर्व में अमेरिकी ऊर्जा प्रतिष्ठानों को निशाना बना सकता है।