अमेरिका तक पहुंचा रूस का खुफिया ‘किलिंग नेटवर्क’, 5 रूसी नागरिकों पर दुनिया भर में हत्या और आतंकी साजिश के आरोप

Edited By Updated: 16 Sep, 2026 05:04 PM

us charges five linked to russian intelligence over alleged global murder

अमेरिका ने रूसी खुफिया सेवाओं से कथित रूप से जुड़े पांच लोगों के खिलाफ हत्या, आतंकवाद के वित्तपोषण और हिंसक हमलों की साजिश के आरोप सार्वजनिक किए हैं। अभियोजकों के मुताबिक नेटवर्क ने अमेरिका में रूसी असंतुष्ट की निगरानी और हत्या की कोशिश की। पांचों...

Washington: अमेरिका के न्याय विभाग ने बुधवार को रूसी खुफिया सेवाओं से कथित रूप से जुड़े पांच लोगों के खिलाफ आरोपपत्र सार्वजनिक किया। अमेरिकी अभियोजकों का आरोप है कि इन लोगों ने दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में हत्या और हिंसक हमलों के लिए लोगों की भर्ती और उन्हें धन मुहैया कराने की कोशिश की। आरोपों के मुताबिक, कथित नेटवर्क का निशाना रूस के असंतुष्ट और ऐसे देशों में रहने वाले लोग थे, जिन्हें रूस यूक्रेन के समर्थन में खड़ा मानता है। जांच में अमेरिका के अलावा यूरोप के कुछ देशों में नागरिक और सैन्य ढांचे को निशाना बनाने की कथित साजिश का भी जिक्र है।

 

अमेरिकी अभियोजकों के मुताबिक, इस साल गर्मियों में क्यूबा के नागरिक यैदेल डेलगाडो सुआरेज, जिसे ‘वाइकिंग’ नाम से भी जाना जाता है, ने अमेरिका में रहने वाले एक व्यक्ति को एक प्रमुख रूसी असंतुष्ट की निगरानी के लिए कथित तौर पर भर्ती किया। आरोपपत्र के अनुसार, निगरानी के बदले उसे 1,000 से 1,500 डॉलर देने की पेशकश की गई। बाद में कथित तौर पर इसी व्यक्ति को लक्ष्य को “खत्म” करने या “गायब” करने के लिए 40,000 डॉलर देने का प्रस्ताव दिया गया।जब उस व्यक्ति ने खुद हत्या करने से इंकार किया तो अभियोजकों के मुताबिक सुआरेज और वेनेजुएला के नागरिक एंजेल एडुआर्डो कास्त्रो ने किसी दूसरे व्यक्ति की तलाश शुरू की, जो कथित तौर पर हत्या को अंजाम दे सके।

 

अमेरिकी न्याय विभाग का आरोप है कि कथित नेटवर्क ने पहले एक अमेरिकी नागरिक को लिथुआनिया में एक व्यक्ति की निगरानी और हत्या के लिए भर्ती करने की कोशिश की थी। आरोपपत्र के अनुसार, रूसी खुफिया तंत्र से जुड़े बताए जा रहे यूरी ख्रामेयेव ने इस काम के लिए करीब 25,000 डॉलर देने की पेशकश की थी। बाद में हत्या के विकल्प के रूप में संपत्ति में आग लगाने या बिजली के उपकेंद्र पर हमला करने जैसी गतिविधियों का प्रस्ताव दिए जाने का भी आरोप है। न्याय विभाग के मुताबिक, क्यूबा के नागरिक ओएमिस रोमागोजा दुरुथी ने 2024 में चेक गणराज्य और लिथुआनिया में कथित हमलों के लिए रसद संबंधी मदद जुटाई। इसमें यात्रा की व्यवस्था और हमले में शामिल लोगों के साथ संपर्क बनाए रखना शामिल था। अमेरिकी अभियोजकों का दावा है कि तीन आरोपी उस कथित ‘रूसी इंटेलिजेंस सर्विसेज नेटवर्क’ के वरिष्ठ सदस्य थे, जिसका इस्तेमाल रूस के विरोधियों और यूक्रेन समर्थक माने जाने वाले लोगों को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा था।

 

कौन हैं पांच आरोपी?
अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार आरोपियों में  रूस की खुफिया सेवा का पूर्व कर्नल यूरी ख्रामेयेव,  रूस की संघीय सुरक्षा सेवा का अधिकारी किरिल ख्रामेयेव, 
क्यूबा के नागरिक  ओएमिस रोमागोजा दुरुथी, यैदेल डेलगाडो सुआरेज उर्फ ‘वाइकिंग’ तथा   वेनेजुएला का नागरिक एंजेल एडुआर्डो कास्त्रो शामिल हैं अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, पांचों आरोपी फिलहाल फरार हैं।  FBI अधिकारियों ने कहा कि कई जांच कार्यालयों और साझेदार एजेंसियों के बीच समन्वय के जरिए कथित ऑपरेशन को बाधित किया गया। FBI के न्यूयॉर्क कार्यालय के अधिकारी जेम्स सी. बार्नेकल जूनियर ने कहा कि इस कार्रवाई में कई एजेंसियों के बीच सहयोग अहम रहा।

 

अमेरिकी न्याय विभाग के राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों के सहायक अटॉर्नी जनरल जॉन ए. आइजनबर्ग ने आरोप लगाया कि आरोपी कथित तौर पर ऐसे वैश्विक हत्या नेटवर्क का हिस्सा थे, जिसकी पहुंच अमेरिका तक थी और जो रूस की ओर से लोगों को हत्या के लिए भर्ती करने की कोशिश कर रहा था।पांचों आरोपियों पर आतंकवाद के लिए धन मुहैया कराने की साजिश का आरोप लगाया गया है। इस आरोप में अधिकतम 20 वर्ष जेल की सजा हो सकती है।यूरी ख्रामेयेव, सुआरेज और कास्त्रो पर पैसे लेकर हत्या की साजिश का अतिरिक्त आरोप भी लगाया गया है, जिसमें अधिकतम 10 वर्ष जेल की सजा का प्रावधान है।

 

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!