Edited By Tanuja,Updated: 07 Sep, 2026 04:22 PM

USS अब्राहम लिंकन कैरियर स्ट्राइक ग्रुप 6 सितंबर को थाईलैंड से रवाना हो गया। पोर्ट विजिट के दौरान करीब 5 हजार अमेरिकी नौसैनिकों और मरीन ने पटाया और श्री राचा में आराम किया, स्थानीय संस्कृति देखी और मनोरंजन कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। अब स्ट्राइक...
Bank Kok: अमेरिकी नौसेना का विशाल निमित्ज-क्लास एयरक्राफ्ट कैरियर USS अब्राहम लिंकन थाईलैंड से रवाना हो गया है। 6 सितंबर को कैरियर स्ट्राइक ग्रुप-3 का फ्लैगशिप अपने दूसरे यूनिट्स और संबंधित स्टाफ के साथ थाईलैंड से निकला। यह दौरा पहले से तय पोर्ट विजिट का हिस्सा था। इस दौरान करीब 5 हजार अमेरिकी नौसैनिकों और मरीन ने श्री राचा और पताया इलाके में समय बिताया। सैनिकों ने थाई संस्कृति और स्थानीय जीवन को करीब से जाना। अमेरिकी नौसेना के मॉरल, वेलफेयर एंड रिक्रिएशन यानी MWR कार्यक्रम ने स्थानीय कारोबारियों के साथ मिलकर सैनिकों के लिए अलग-अलग टूर और गतिविधियां आयोजित कीं।
पोर्ट विजिट के दौरान अमेरिकी नौसेना और मरीन के जवानों के पटाया के नाइटलाइफ इलाके में समय बिताने की तस्वीरें और वीडियो सामने आए। इनमें कुछ अमेरिकी सैनिकों को नाइट क्लब में डांस करते हुए भी देखा गया। अमेरिकी नौसेना के मुताबिक, इस तरह की पोर्ट विजिट का मकसद सैन्यकर्मियों को लंबे ऑपरेशनल ड्यूटी के बीच आराम और मनोरंजन का मौका देना भी है। साथ ही उन्हें स्थानीय संस्कृति और समुदाय से जुड़ने का अवसर मिलता है।
अमेरिकी कमांडर ने थाई लोगों को कहा धन्यवाद
USS अब्राहम लिंकन के कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन डैन कीलर ने थाईलैंड की मेहमाननवाजी के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि पटाया की यात्रा क्रू के लिए आराम करने और तरोताजा होने का शानदार मौका रही। उनके मुताबिक, यह पोर्ट विजिट पूरे कैरियर स्ट्राइक ग्रुप के लिए खास अनुभव रहा और इससे अमेरिकी सैनिकों को थाई लोगों के साथ व्यक्तिगत संपर्क बनाने का अवसर मिला।
अब फिर 7वें फ्लीट के इलाके में मिशन
थाईलैंड से रवाना होने के बाद अब अब्राहम लिंकन कैरियर स्ट्राइक ग्रुप अमेरिकी 7वें फ्लीट के ऑपरेशनल क्षेत्र में अपनी नियमित गतिविधियां जारी रखेगा। अमेरिकी नौसेना के अनुसार, 7वें फ्लीट के यूनिट्स इस क्षेत्र में लगातार ऑपरेशनल गतिविधियां और पेट्रोलिंग करते हैं। इनका उद्देश्य संभावित आक्रामकता को रोकना, सहयोगी देशों और साझेदारों के साथ संबंध मजबूत करना और क्षेत्र में सुरक्षा एवं स्थिरता को बढ़ावा देना है। थाईलैंड की पोर्ट विजिट को भी अमेरिका और थाईलैंड के बीच सैन्य एवं रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक अहम गतिविधि के तौर पर देखा जा रहा है।