Edited By Pardeep,Updated: 20 Jun, 2026 11:33 PM

लेबनान में इजराइल के हमले जारी रहने से नाराज ईरान ने शनिवार को होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से बंद करने की घोषणा की और यह भी कहा कि हालांकि उसके वार्ताकार बातचीत के लिए स्विट्जरलैंड जा रहे हैं, लेकिन वहां से ज्यादा कुछ हासिल होने की उम्मीद नहीं है। इस...
इंटरनेशनल डेस्कः लेबनान में इजराइल के हमले जारी रहने से नाराज ईरान ने शनिवार को होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से बंद करने की घोषणा की और यह भी कहा कि हालांकि उसके वार्ताकार बातचीत के लिए स्विट्जरलैंड जा रहे हैं, लेकिन वहां से ज्यादा कुछ हासिल होने की उम्मीद नहीं है। इस बीच, प्रमुख मध्यस्थ पाकिस्तान ने कहा कि तकनीकी स्तर की बातचीत रविवार को स्विट्जरलैंड के बर्गेनस्टॉक में शुरू होगी, जिसमें कतर के मध्यस्थ भी शामिल होंगे।
ईरान की संयुक्त सैन्य कमान ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से बंद कर दिया गया है। इसने कहा कि यह कदम लेबनान में इजराइल के हमले जारी रहने और अमेरिका की ''बदनीयती'' व युद्ध खत्म करने संबंधी वादों के स्पष्ट उल्लंघन की वजह से उठाया गया है। सरकारी टेलीविजन पर दिए गए बयान में यह चेतावनी भी दी गई कि ''अगर आक्रामकता जारी रहती है, तो आगे के कदम उठाने की योजना बना ली गई है।''
इस हफ्ते की शुरुआत में अमेरिका और ईरान के बीच अंतरिम समझौते पर हस्ताक्षर होने के बाद जहाजों ने जलडमरूमध्य से गुजरना शुरू कर दिया था। वहीं, ईरान के सरकारी टीवी ने कहा कि युद्ध के मुद्दे पर अमेरिका के साथ बातचीत करने वाली ईरानी टीम स्विट्जरलैंड जा रही है। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाहेई ने कहा कि जब तक ईरान को यह नहीं लगेगा कि अमेरिका समझौते का पालन कर रहा है, तब तक शायद ही कुछ हो।
वाशिंगटन में, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने शनिवार को पुष्टि की कि अमेरिका के मुख्य वार्ताकार-जेरेड कुशनर और स्टीव विटकॉफ पहले से ही स्विट्जरलैंड में हैं तथा ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर होने वाली संभावित बातचीत की तकनीकी बारीकियों पर काम कर रहे हैं। वेंस ने 'फॉक्स न्यूज' से कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वह ''अगले कुछ दिनों में कभी भी'' स्विट्जरलैंड के लिए रवाना हो जाएंगे।
शनिवार को इससे पहले, दक्षिणी लेबनान में इज़राइली हमलों में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। ये हमले वहां संघर्षविराम समझौते की खबरें आने के कुछ ही घंटों बाद हुए। शुक्रवार को लेबनान में कम से कम 47 लोगों और चार इजराइली सैनिकों के मारे जाने के बाद, मध्यस्थ इजराइल और चरमपंथी समूह हिज़्बुल्ला के बीच लड़ाई को रुकवाने की कोशिश कर रहे हैं।