Edited By Tanuja,Updated: 01 Jul, 2026 12:09 PM

अमेरिका के मध्य-पश्चिम और ग्रेट लेक्स क्षेत्र में भीषण गर्मी और उमस ने लाखों लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राष्ट्रीय मौसम सेवा ने हालात को "खतरनाक" बताते हुए हीट इंडेक्स 100°F (37.8°C) से ऊपर रहने की चेतावनी दी है। कई राज्यों में हीट अलर्ट और...
International Desk: अमेरिका के मध्य-पश्चिम एवं ग्रेट लेक्स क्षेत्र के राज्यों में लाखों लोग मंगलवार को भीषण गर्मी एवं उमस से परेशान रहे और इससे फिलहाल राहत मिलने की संभावना नहीं है। राष्ट्रीय मौसम सेवा ने हालात को स्पष्ट रूप से ''खतरनाक'' बताया और कुछ इलाकों में तापमान एवं आर्द्रता को मिलाकर मापा जाने वाला 'ताप सूचकांक' 100 डिग्री फारेनहाइट (37.8 डिग्री सेल्सियस) से अधिक रहा। मौसम सेवा ने खासकर उन लोगों के लिए गर्मी से जुड़ी बीमारियों के खतरे की चेतावनी दी है जिनके पास वातानुकूलन की सुविधा नहीं है।
मौसम सेवा ने बताया कि डेट्रॉयट में तापमान 90 डिग्री फारेनहाइट से अधिक रहा और बृहस्पतिवार को इसके 100 डिग्री फारेनहाइट तक पहुंचने की आशंका है। मिशिगन के बड़े हिस्से के साथ-साथ इलिनॉय, ओहायो, इंडियाना, केंटकी और आयोवा के अधिकतर हिस्सों में भीषण गर्मी की चेतावनी जारी की गई है। न्यूयॉर्क शहर और बोस्टन समेत पूर्वोत्तर क्षेत्र में चार जुलाई तक भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। पेंसिल्वेनिया के नॉरिस्टाउन में मौसम के कारण शनिवार को होने वाली परेड रद्द कर दी गई। फिलाडेल्फिया ने बुधवार से शनिवार तक गर्मी संबंधी आपातकाल की घोषणा की है।