Edited By Parveen Kumar,Updated: 06 Apr, 2026 12:46 AM

झारखंड के धनबाद जिले के मुनीडीह इलाके में देर रात एक हादसे में दो लोगों की मौत हो गयी। यह हादसा तब हुआ जब गैस कटर में इस्तेमाल होने वाला सिलेंडर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। घटना के समय मौके पर करीब 8 से 10 लोग मौजूद थे, जिनमें से कई गैस की चपेट...
नेशनल डेस्क : झारखंड के धनबाद जिले के मुनीडीह इलाके में देर रात एक हादसे में दो लोगों की मौत हो गयी। यह हादसा तब हुआ जब गैस कटर में इस्तेमाल होने वाला सिलेंडर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। घटना के समय मौके पर करीब 8 से 10 लोग मौजूद थे, जिनमें से कई गैस की चपेट में आ गए। घायलों को तत्काल इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) में भर्ती कराया गया।
इलाज के दौरान डॉक्टरों ने संजय यादव और मोहम्मद अजहरुद्दीन को मृत घोषित कर दिया, जबकि मोहम्मद अब्राहिम और मोहम्मद इमामुद्दीन का इलाज जारी है। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सिलेंडर फटने के बाद जहरीली गैस तेजी से फैलने लगी, जिससे वहां मौजूद लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। दम घुटने जैसे हालात बन गए और चार लोग गंभीर रूप से प्रभावित हो गए।
वहीं मृतक संजय यादव के परिजनों ने बताया कि वह घर से यह कहकर निकले थे कि दोस्त के साथ काम पर जा रहे हैं। देर रात करीब 1 बजे वह अचानक घर लौटे और तेज सांस फूलने, खांसी व बेचैनी की शिकायत करने लगे। उनकी हालत इतनी खराब थी कि वह ठीक से बोल भी नहीं पा रहे थे। उन्होंने केवल इतना बताया कि गैस सिलेंडर फट गया है।
कुछ ही देर में उनकी तबीयत और बिगड़ गई, मुंह से झाग निकलने लगा, जिसके बाद परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनकी मौत हो गई। इस हादसे में एक अन्य व्यक्ति की भी जान चली गई, जबकि दो लोग अभी भी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और मामले की जांच जारी है।