कूड़ा फेंकते वीडियो वायरल, सोशल मीडिया ट्रोलिंग के बाद 23 साल के कॉलेज स्टूडेंट ने खुद को मारी गोली, जानें पूरा मामला

Edited By Updated: 07 Jun, 2026 12:05 AM

23 year old college student shoots himself after social media trolling

गोवा से एक रूह कंपा देने वाली और बेहद संवेदनशील खबर सामने आई है, जहां एक वायरल वीडियो और उसके बाद हुई ऑनलाइन ट्रोलिंग ने 23 वर्षीय एक होनहार कॉलेज छात्र की जान ले ली।

नेशनल डेस्कः गोवा से एक रूह कंपा देने वाली और बेहद संवेदनशील खबर सामने आई है, जहां एक वायरल वीडियो और उसके बाद हुई ऑनलाइन ट्रोलिंग ने 23 वर्षीय एक होनहार कॉलेज छात्र की जान ले ली। सड़क किनारे कूड़ा फेंकने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर क्या फैला, छात्र की पूरी दुनिया ही उजड़ गई। समाज और कानून के दबाव के बीच छात्र ने कथित तौर पर खुद को मौत के गले लगा लिया।

क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सैमुअल डी ब्रैगांका (23) के रूप में हुई है, जो अपनी मां और दो बहनों के साथ मापुसा में रहता था और ग्रेजुएशन के दूसरे साल का छात्र था। कुछ दिन पहले सैमुअल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें वह सड़क किनारे कचरा फेंकता नजर आ रहा था। इस वीडियो के सामने आते ही इंटरनेट पर लोगों ने उसे जमकर निशाना बनाना शुरू कर दिया।

कानूनी शिकंजा और ऑनलाइन प्रताड़ना
वीडियो वायरल होने के बाद न केवल आम लोगों ने छात्र की आलोचना की, बल्कि स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने भी मामले में दखल दिया। सार्वजनिक स्थान पर गंदगी फैलाने के आरोप में सैमुअल के खिलाफ पुलिस केस दर्ज किया गया। हालांकि पुलिस का कहना है कि वह जांच में सहयोग कर रहा था और पुलिस के सामने पेश भी हुआ था, लेकिन सोशल मीडिया पर चल रही 'ट्रोलिंग' ने उसे भीतर से तोड़ दिया था।

परिवार की आंखों के सामने खत्म हुई जिंदगी
परिजनों के मुताबिक, वीडियो और पुलिस केस के बाद सैमुअल गहरे मानसिक तनाव में था। सोशल मीडिया पर लगातार हो रही भद्दी टिप्पणियों और आलोचनाओं ने उसे बेचैन कर दिया था। इसी मानसिक दबाव के चलते उसने अपने घर में रखी परिवार की लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मार ली। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की जांच जारी
फिलहाल पुलिस ने इस मामले में 'एक्सीडेंटल डेथ' का केस दर्ज किया है। पुलिस अब इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि क्या छात्र के इस आत्मघाती कदम का सीधा संबंध उस वायरल वीडियो और पुलिस केस से है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के वक्त वह बंदूक उसके हाथ कैसे लगी।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!