Edited By Pardeep,Updated: 24 Jul, 2026 10:05 PM

'विघ्नहर्ता गणेश' में देवी पार्वती का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाली और 'बिग बॉस ओटीटी' फेम आकांक्षा पुरी ने एक ऐसा चौंकाने वाला दावा किया है जिसने मनोरंजन जगत और राजनीतिक गलियारों में खलबली मचा दी है।
मुंबई/नई दिल्ली: 'विघ्नहर्ता गणेश' में देवी पार्वती का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाली और 'बिग बॉस ओटीटी' फेम आकांक्षा पुरी ने एक ऐसा चौंकाने वाला दावा किया है जिसने मनोरंजन जगत और राजनीतिक गलियारों में खलबली मचा दी है। आकांक्षा ने आरोप लगाया है कि मौजूदा स्टूडेंट प्रोटेस्ट में शामिल होने के लिए इंडस्ट्री के लोगों और कंटेंट क्रिएटर्स को पैसों का ऑफर दिया जा रहा है।
मार्केटिंग का जरिया न बनाएं प्रोटेस्ट: आकांक्षा पुरी
एक समाचार एजेंसी से बातचीत के दौरान आकांक्षा ने स्पष्ट रूप से कहा कि लोग इस आंदोलन को मार्केटिंग का जरिया बनाकर अपनी 'रोटियां न सेकें'। उन्होंने खुलासा किया कि कई पार्टियां और लोग एक्टर्स और क्रिएटर्स से संपर्क कर रहे हैं ताकि वे रैलियों का हिस्सा बनें और इसे अपनी पब्लिसिटी के लिए इस्तेमाल करें। आकांक्षा के अनुसार, वह इस तरह के 'कूड़े' का हिस्सा नहीं बनना चाहतीं और वह केवल सही चीज का साथ देना चाहती हैं।
स्टूडेंट्स के साथ हुए बर्ताव से आहत हैं एक्ट्रेस
आकांक्षा पुरी ने छात्रों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि छात्र भारत का भविष्य हैं और उनके साथ जो हुआ, उसके विजुअल्स बहुत परेशान करने वाले थे। उन्होंने जोर देकर कहा कि छात्रों की मांगें सुनी जानी चाहिए और उन्हें उचित समर्थन मिलना चाहिए।
सोनम वांगचुक को हटाए जाने के बाद भड़का था गुस्सा
बता दें कि यह विरोध प्रदर्शन तब और तेज हो गया जब 18 जुलाई को दिल्ली पुलिस ने 21 दिनों की भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से जबरदस्ती हटाकर अस्पताल में भर्ती करा दिया था। इसके विरोध में छात्रों ने संसद मार्च निकाला था, जिस पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसके बाद कई बॉलीवुड और टीवी हस्तियों ने छात्रों के समर्थन में अपनी आवाज उठाई थी।