Edited By Parveen Kumar,Updated: 13 Jul, 2026 10:38 PM

दिल्ली पुलिस के एक कांस्टेबल ने पूर्वी दिल्ली के विनोद नगर इलाके में अपनी पत्नी की उसके जन्मदिन पर कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान मनीष भाटी के रूप में हुई है, जो दिल्ली पुलिस के...
नेशनल डेस्क : दिल्ली पुलिस के एक कांस्टेबल ने पूर्वी दिल्ली के विनोद नगर इलाके में अपनी पत्नी की उसके जन्मदिन पर कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान मनीष भाटी के रूप में हुई है, जो दिल्ली पुलिस के वाहन रोधी दस्ते में तैनात है और घटना के बाद से फरार है। आरोपी मनीष भाअी और उसकी पत्नी प्रियंका (30) के मध्य बीच सड़क पर तीखी बहस शुरू हो गई थी। अधिकारियों ने कहा कि उसका पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। जांच से जुड़े सूत्रों ने कहा कि प्रियंका कथित तौर पर परेशान थी, क्योंकि उसके पति ने उसे जन्मदिन की शुभकामनाएं नहीं दी जिससे बहस शुरू हो गई और इसके बाद गोलीबारी की घटना हुई। हालांकि, पुलिस ने कहा कि इस पहलू का सत्यापन किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, प्रियंका और उसके पति घर पर बहस के बाद सोमवार तड़के दोपहिया वाहन पर अपने न्यू विनोद नगर स्थित आवास से एक साथ निकले। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कांस्टेबल ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की छाती में गोली मार दी और उसे सड़क किनारे खून से लथपथ छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस ने बताया कि वहां से गुजर रहे सामान पहुंचाने वाली कंपनी के एक प्रतिनिधि को पीड़िता सड़क किनारे पड़ी हुई मिली। पुलिस ने कहा कि वह उसे लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के परिवार ने दावा किया कि दंपति प्रियंका के जन्मदिन पर तड़के तीन बजे एक साथ घर से निकले थे।
प्रियंका के भाई राहुल और मनीष के अनुसार, रास्ते में उनके बीच कथित रूप से बहस होने लगी जिसके बाद कांस्टेबल ने लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल के नजदीक अपनी पत्नी को कथित रूप से गोली मार दी। इसके बाद वह उसे गंभीर रूप से घायल छोड़कर भाग गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज बरामद की है जिसमें जोड़े को अपनी बाइक रोकते और बहस करते हुए देखा गया है। एक पुलिस सूत्र ने बताया कि फुटेज में कथित रूप से दिख रहा है कि कांस्टेबल अपनी सरकारी पिस्तौल निकालता है और अपनी पत्नी पर गोली चलाकर मौके से भाग जाता है। जांचकर्ता आस-पास की सड़कों और गोलीबारी के बाद आरोपी द्वारा भागने के लिए संभावित रूप से इस्तेमाल किए गए मार्गों की सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रहे हैं।
पुलिस ने कहा कि अपराध में इस्तेमाल किया गया हथियार सरकारी पिस्तौल है। एक पुलिस सूत्र ने कहा कि जांचकर्ता उन दावों की भी पुष्टि कर रहे हैं कि घटना से पहले आरोपी अपनी पत्नी को अस्पताल ले जा रहा था। सूत्र ने कहा, "हमें कुछ जानकारी मिली है जिससे पता चलता है कि वह उसे अस्पताल ले जा रहा था। इन दावों को जांच के हिस्से के रूप में सत्यापित किया जा रहा है।" जांचकर्ताओं ने दंपति की आवासीय सोसायटी में तैनात एक सुरक्षा गार्ड से पूछताछ की है, जिसने घटना से कुछ समय पहले जोड़े को कथित तौर पर दो पहिया वाहन पर एक साथ निकलते देखा था।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि जांच के तहत उसका बयान दर्ज किया जा रहा है। पुलिस ने पड़ोसियों से भी बात की है, जिन्होंने जांचकर्ताओं को कथित तौर पर बताया कि दंपति वैवाहिक कलह का सामना कर रहा था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच से पता चला है कि दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे और जांचकर्ता इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या लंबे समय से चले आ रहे घरेलू विवाद के कारण ही हत्या की गई है। महिला के परिवार के सदस्यों के अनुसार, दंपति की शादी 2023 में हुई थी। प्रियंका अशोक विहार के एक निजी स्कूल में शिक्षिका थी, जबकि आरोपी दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल है। महिला के परिवार ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उसे दहेज को लेकर उत्पीड़न का शिकार होना पड़ रहा था। उन्होंने दावा किया कि पहले महिला प्रकोष्ठ में शिकायत दर्ज की गई थी लेकिन रिश्तेदारों के हस्तक्षेप के बाद मामला सुलझ गया था।
परिवार ने आरोप लगाया कि आरोपी उससे पैसे की मांग कर रहा था और पहले हुए समझौते के बावजूद वह प्रियंका को परेशान करता रहा। पुलिस ने कहा कि दहेज उत्पीड़न के संबंध में पीड़ित परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों और पिछली शिकायतों को सत्यापित किया जा रहा है। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल की जांच की, वहीं शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है, जिसमें जोड़े के वैवाहिक संबंध, पिछली शिकायतें, कथित दहेज उत्पीड़न और हत्या के पीछे कोई अन्य संभावित मकसद शामिल है। पुलिस ने कहा कि फरार कांस्टेबल का पता लगाने के लिए विभिन्न स्थानों पर कई टीमें तैनात की गई हैं। वह कहां है, इसका पता लगाने के लिए उसके परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की जा रही है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "हम कई स्थानों पर छापेमारी कर रहे हैं। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।" पुलिस ने कहा कि जांच जारी है।