Edited By Parveen Kumar,Updated: 06 Sep, 2026 08:55 PM

बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। समस्तीपुर में आरपीएफ और सीआईबी की टीम ने स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के एसी फर्स्ट क्लास कोच से करीब 75 लीटर ब्रांडेड शराब बरामद की है। इस मामले में एक युवती और उसके साथ सफर...
नेशनल डेस्क : बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। समस्तीपुर में आरपीएफ और सीआईबी की टीम ने स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के एसी फर्स्ट क्लास कोच से करीब 75 लीटर ब्रांडेड शराब बरामद की है। इस मामले में एक युवती और उसके साथ सफर कर रहे युवक को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के बाद युवती की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, समस्तीपुर रेल मंडल की आरपीएफ टीम को सूचना मिली थी कि 12562 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में एक युवती शराब लेकर सफर कर रही है। ट्रेन नई दिल्ली से जयनगर जा रही थी। सूचना मिलने के बाद आरपीएफ और सीआईबी की टीम समस्तीपुर स्टेशन पहुंची और ट्रेन का इंतजार करने लगी।
ट्रेन के समस्तीपुर स्टेशन पहुंचते ही टीम ने एसी फर्स्ट क्लास के एच-1 कोच में तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान एक युवती के पास रखे दो सूटकेस की जांच की गई। दोनों सूटकेस से बड़ी मात्रा में ब्रांडेड शराब की बोतलें बरामद हुईं। इसके बाद टीम ने युवती को शराब से भरे दोनों बैगों के साथ ट्रेन से उतारकर हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में युवती की पहचान समस्तीपुर जिले के सिंघिया घाट थाना क्षेत्र के बारी गांव निवासी नेहा कुमारी के रूप में हुई। बताया गया कि वह नई दिल्ली से करीब 75 लीटर शराब लेकर समस्तीपुर आ रही थी। उसके साथ एसी फर्स्ट क्लास कोच में हरियाणा के करनाल निवासी ईशान कुमार भी सफर कर रहा था। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
युवती की गिरफ्तारी के बाद उसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगे। शराब के साथ युवती के पकड़े जाने को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई शराब की बरामदगी और मामले में हुई गिरफ्तारी के आधार पर की गई है।
तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। आरपीएफ और जीआरपी की टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवती कथित तौर पर कब से शराब की तस्करी में शामिल थी।