Edited By Parveen Kumar,Updated: 06 Feb, 2026 11:02 PM

देशभर में बढ़ते हार्ट अटैक के मामलों के बीच एक और चौंकाने वाली घटना महाराष्ट्र के रत्नागिरी ज़िले से सामने आई है। यहां एक स्थानीय क्रिकेट मैच के दौरान बल्लेबाज़ की अचानक तबीयत बिगड़ी और देखते ही देखते उसकी मैदान पर ही मौत हो गई। यह पूरी घटना कैमरे...
नेशनल डेस्क : देशभर में बढ़ते हार्ट अटैक के मामलों के बीच एक और चौंकाने वाली घटना महाराष्ट्र के रत्नागिरी ज़िले से सामने आई है। यहां एक स्थानीय क्रिकेट मैच के दौरान बल्लेबाज़ की अचानक तबीयत बिगड़ी और देखते ही देखते उसकी मैदान पर ही मौत हो गई। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई, क्योंकि मैच का लाइव प्रसारण किया जा रहा था। हादसे के बाद मैदान में मौजूद खिलाड़ी और दर्शक स्तब्ध रह गए।
यह घटना रत्नागिरी ज़िले के चिंचखारी इलाके में आयोजित एक क्रिकेट मैच के दौरान हुई। स्वराज प्रतिष्ठान और कोकण नगर की टीमों के बीच मुकाबला खेला जा रहा था। स्वराज प्रतिष्ठान की ओर से बल्लेबाज़ी चल रही थी, तभी टीम के एक खिलाड़ी को अचानक हार्ट अटैक आया।
मृतक खिलाड़ी की पहचान प्रवीण पवार के रूप में हुई है, जो रत्नागिरी शहर और आसपास के इलाकों में क्रिकेट के लिए जाने जाते थे। बताया जा रहा है कि वह नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े थे, जबकि स्ट्राइक पर पार्थ नाम का बल्लेबाज़ मौजूद था।
लाइव वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि गेंद फेंके जाने के बाद प्रवीण कुछ कदम आगे बढ़ते हैं और फिर वापस लौटते हुए अचानक लड़खड़ा जाते हैं। अंपायर के पास पहुंचते ही वह जमीन पर गिर पड़ते हैं। आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही हालात बिगड़ चुके थे। इलाज या मदद मिलने से पहले ही प्रवीण पवार की मैदान पर ही मौत हो गई।